ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। मुंबई में बुधवार (4 दिसंबर) को पिछले 16 साल में दिसंबर का सबसे गर्म दिन रहा। सांताक्रूज वेधशाला ने बताया कि यहां बीते दिन अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोलाबा मौसम केंद्र ने यहां का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। मौसम विभाग के मुताबिक मुंबई में 5 दिसंबर को अधिकतम तापमान 29.21 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 27.68 डिग्री सेल्सियस रहा।
आईएमडी मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि कलिना वेधशाला ने पांच दिसंबर 2008 को मुंबई का तापमान 37.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह 29 नवंबर को मुंबई का न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो पिछले आठ सालों में नवंबर में सबसे कम तापमान था।
बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक फेंगल चक्रवात के कारण दक्षिण से आने वाली हवाएं मुंबई का तापमान गिरने नहीं दे रही हैं। अगले चार दिनों तक लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ेगा। चक्रवात के कारण मुंबई के आसमान में पिछले दो दिनों से बादल छाए हुए हैं। हालांकि, बारिश होने की संभावना न के बराबर है। यह चक्रवात अब अरब सागर की ओर बढ़ रहा है। ऐसे में इसका असर इस सप्ताह रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को भी आसमान में बादल रहे। वहीं महीने के शुरूआत से ही मुंबई वायु प्रदूषण का सामना कर रही है। बीते कुछ दिनों से सुबह के वक्त यहां धुंध की परत देखी जा रही है। धुंध के बीच लोग नरीमन पॉइंट समेत दूसरे इलाकों में सुबह की सैर करते हुए देखे गए। निर्माण कार्य मुंबई में वायु प्रदूषण की अहम वजह मानी जाती है।
प्रदूषण रोकने को कदम
महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने मुंबई में वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कुछ जरूरी कदम उठाए हैं। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष सिद्धेश कदम ने चेतावनी दी है कि रेडीमिक्स प्लांट, स्टोन क्रशर, बेकरी या अन्य समान उद्योगों से प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुंबई में चल रहे निर्माण के कारण प्रदूषण में बढ़ोतरी को रोकने के लिए नए निर्माण संबंधी दिशानिर्देश भी जारी किए गए हैं।