ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। इस बार मुंबईकरों को ‘अक्टूबर हीट’ से राहत मिल सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, ला नीना यदि सेट होता है तो अक्टूबर में भी बारिश जारी रहेगी। ऐसे में मॉनसून की विदाई इस बार देरी से भी हो सकती है। इसी बीच सितंबर में मुंबई शहर में 110.7 एमएम और उपनगर में 170.9 एमएम बारिश अबतक दर्ज की गई है।
ला नीना, भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में समुद्र के पानी का असामान्य रूप से ठंडा होने की स्थिति है। ला नीना को कभी-कभी एंटी-एल नीनो या ‘एक ठंडी घटना’ भी कहा जाता है। ला नीना के कारण भारतीय मॉनसून मजबूत होता है और ज्यादा बारिश होती है। इस बार कयास लगाए जा रहे हैं कि अक्टूबर के शुरुआत में ला नीना सेट हो सकता है। यदि ऐसा होता है तो मुंबई में बारिश होगी। यदि बारिश होती है तो फिर मॉनसून की विदाई भी कुछ और दिनों के लिए टल जाएगी और मौसम भी ठंडा हो जाएगा। फिलहाल मुंबई में रह रहकर पासिंग शॉवर हो रहे हैं।’
मौसम विशेषज्ञ राजेश कपाड़िया ने बताया कि 19 से 22 सितंबर के बीच मुंबई में पासिंग शॉवर मिले, रह-रहकर धूप भी निकली। 23 के बाद से बारिश की तीव्रता थोड़ी बढ़ी। रोजाना 30 से 40 एमएम बारिश हुई, लेकिन भारी बारिश का फिलहाल कोई संकेत नहीं है। अक्टूबर की शुरुआत में भी बारिश होगी। क्षेत्रीय मौसम से मिली जानकारी के अनुसार, मुंबई का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं उमस का स्तर रात में 87 फीसदी तक पहुंच गया।
इस सीजन की बारिश के आंकड़े
शहर में मॉनसून के 4 महीने में 2094.5 एमएम और उपनगर में 2318.8 एमएम बारिश होती है। वहीं इस मॉनसून जून से लेकर अबतक शहर में 2308.8 एमएम और उपनगर में 2603 एमएम बारिश हो चुकी है।
मानसून की वापसी
पिछले 5 साल की बात करें तो मुंबई में मॉनसून वापसी की कुछ इस प्रकार से हुई है-
– 2023 में 6 अक्टूबर
– 2022 में 23 अक्टूबर
– 2021 में 14 अक्टूबर
– 2020 में 28 अक्टूबर
– 2019 में 14 अक्टूबर को मॉनसून की वापसी हुई ।































