ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने संसद में वंदे मातरम पर बहस होने से पहले ही कांग्रेस पार्टी और पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। भाजपा की तरफ से कहा गया कि वंदे मातरम् की वर्षगांठ पर होने वाली इस बहस में पूर्व पीएम की असलियत सामने आ जाएगी। सोनिया गांधी की तरफ से नेहरू की बदनामी करने के आरोप लगाए जाने पर कटाक्ष करते हुए भाजपा की तरफ से कहा कि कांग्रेस ने सिर्फ नेहरू की विरासत को जीवित रखने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीम राव आंबेडकर और सुभाष चंद्र बोस जैसे नेताओं की विरासत को समाप्त करने का प्रयास किया।
पुरी के सांसद संबित पात्रा ने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पार्टी के बाकी नेताओं पर भी ध्यान देना चाहिए और गांधी-नेहरू परिवार को बढ़ावा देना बंद कर देना चाहिए। पात्रा ने कहा, जहां तक नेहरू की विरासत को खत्म करने का सवाल है, तो ‘नेशनल हेराल्ड’ मामले में जमानत पर बाहर आए तथाकथित वर्तमान गांधी परिवार के अलावा उनकी विरासत को सबसे बेहतर तरीके से कौन खत्म कर सकता है। उनका इशारा सोनिया और उनके बेटे तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर था।
गांधी परिवार का नाम लिए बिना पात्रा ने कहा कि हाल में उनके खिलाफ ‘नेशनल हेराल्ड’ पर कथित रूप से कब्जा करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।





























