ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाने के फैसले को लेकर निशाना साधा। राजनाथ सिंह ने कहा कि कुछ लोगों को भारत की विकास की गति पसंद नहीं आ रही है। मध्य प्रदेश के रायसेन में एक सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ लोग हैं जो इस बात से खुश नहीं कि भारत इतनी तेज गति से कैसे आगे बढ़ रहा है?
उन्होंने कहा कि और कई लोग कोशिश कर रहे हैं कि भारत में बनी चीजें, भारतीयों के हाथों से बनी चीजें उन देशों में बनी चीजों से ज्यादा महंगी हो जाएं, ताकि जब चीजें महंगी हो जाएं, तो दुनिया उन्हें न खरीदे। उन्होंने कहा, भारत इतनी तेजी से आगे बढ़ रहा है, मैं पूरे विश्वास के साथ कहता हूं कि अब दुनिया की कोई भी ताकत भारत को दुनिया की एक बड़ी ताकत बनने से नहीं रोक सकती।
24 हजार करोड़ से अधिक का डिफेंस एक्सपोर्ट
राजनाथ सिंह ने कहा कि जहां तक रक्षा क्षेत्र का सवाल है, आपको यह जानकर खुशी होगी कि अब हम 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की रक्षा वस्तुओं का निर्यात कर रहे हैं। यह भारत की ताकत है, यह नए भारत का नया रक्षा क्षेत्र है और निर्यात लगातार बढ़ रहा है।































