ब्लिट्ज ब्यूरो
मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ को बड़ी सौगात देते हुए प्रदेश की पहली इंटीग्रेटिड ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट टाउनशिप का यहां शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह योजना मेरठ के भविष्य की तस्वीर को पूरी तरह बदल देगी। यह योजना मेरठ के नागरिकों के लिए आधुनिक और सस्ती जीवनशैली लेकर आएगी। वे हेलीकाप्टर से सहारनपुर से मेरठ पहुंचे थे।
सीएम योगी ने बताया कि इस टाउनशिप में आवासीय, औद्योगिक और कमर्शियल योजनाएं एक ही स्थान पर विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य लोगों को रोजगार, व्यापार और रहने की सहूलियत एक ही जोन में देना है जिससे मेरठ को एक नई पहचान मिलेगी।
इस योजना के तहत लोगों को सस्ते दामों में घर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही यह परियोजना मेरठ के स्मार्ट सिटी विज़न को भी गति देगी। मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिए कि आने वाले समय में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास में मेरठ एक प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम में अधिकारियों और आम जनता की बड़ी भागीदारी रही। शहरवासियों ने मुख्यमंत्री की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे मेरठ के सुनहरे भविष्य की शुरुआत बताया।
मेरठ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में 381 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शुरू की गई इन परियोजनाओं का उद्देश्य सहारनपुर को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाना है।
इस अवसर पर सीएम ने सहारनपुर वासियों को बधाई दी और कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र की उपेक्षा को समाप्त कर विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का एक नया अध्याय शुरू किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सावन के अंतिम सोमवार के अवसर पर शिव मंदिरों में भक्तों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने कहा कि सहारनपुर, जो पहले उपेक्षित रहा, अब डबल इंजन सरकार के प्रयासों से विकास की किरणों से जगमगा रहा है। सीएम ने कहा, “पहले इस क्षेत्र में पलायन और निराशा थी, लेकिन अब सहारनपुर की जनता में नई उम्मीद जगी है।”