ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अनुसार पौधरोपण का यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्यावरणीय पहल ‘एक पेड़ मां के नाम’ को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ग्राम प्रधानों, ब्लॉक प्रमुखों, जिला पंचायत अध्यक्षों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की थी। मुख्यमंत्री योगी ने प्रदेशवासियों से इस राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान में भाग लेने की अपील की थी और लोगों से पौधा लगाने के बाद सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने को भी कहा था ताकि अधिक से अधिक लोग प्रेरित हो सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर हम सड़कों के बीच वाले डिवाइडर पर फूलदार पौधे लगाएं और उनकी देखरेख किसी एनजीओ को दें, तो अच्छा संदेश जाएगा। यह काम एक्सप्रेसवे, हाईवे, इंटरस्टेट कनेक्टिविटी और नगर निकाय की सड़कों पर भी करना चाहिए।” पूरा अभियान पीएम मोदी की सोच से प्रेरित है, जिसकी शुरुआत 5 जून 2025 को विश्व पर्यावरण दिवस पर हुई थी। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान सफलता की ओर बढ़ रहा है।
अभियान की खासियत
इस अभियान का उद्देश्य न केवल हरित क्षेत्र में वृद्धि करना है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाना भी है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की थीम मातृ शक्ति को समर्पित है, जिसमें लोग अपनी मां के नाम पर पौधे रोपकर पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। इस साल का लक्ष्य 37 करोड़ पौधे रोपना था, जो पिछले साल के 35 करोड़ के लक्ष्य से और भी बड़ा है।





























