संजय द्विवेदी
लखनऊ। सुल्तानपुर रोड पर विकसित की जाने वाली वेलनेस सिटी का लखनऊ विकास प्राधिकरण ने ले आउट जारी कर दिया है। 77 एकड़ में लगभग 2000 प्लॉट विकसित किए जाएंगे। वहीं, 362.41 एकड़ में फ्लैट यानी ग्रुप हाउसिंग का निर्माण किया जाएगा जिनकी संख्या लगभग 10000 से ज्यादा होगी।
इस नई कॉलोनी में लगभग 17 प्रतिशत हिस्सा हरियाली का होगा। लगभग 204 एकड़ में पार्क बनाए जाएंगे। इस कॉलोनी को विकसित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अधिग्रहण का काम अंतिम दौर में है।
वेलनेस सिटी का जल्द शुरू होगा विकास
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि वेलनेस सिटी में सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों का पालन किया जाएगा। लोगों के रहने, इलाज और अन्य व्यवस्थाएं विश्वस्तरीय बनाई जाएंगी। जल्दी ही कॉलोनी का विकास शुरू किया जाएगा जिसके लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण लगातार अधिग्रहण प्रक्रिया को अंतिम रूप देने का प्रयास कर रहा है।
सुलतानपुर रोड पर बसेगी वेलनेस सिटी
एलडीए उपाध्यक्ष के मुताबिक,76.83 एकड़ में लगभग 2000 प्लॉट विकसित किए जाएंगे जो कि 700 से लेकर लगभग 3000 वर्ग फीट के प्लॉट होंगे। प्लॉट लखनऊ विकास प्राधिकरण खुद बेचेगा। सुल्तानपुर रोड शहीद पथ के पास यह प्लॉट बेशकीमती होंगे जिनके जरिए इस कॉलोनी को एक ब्रांड के तौर पर प्रस्तुत किया जाएगा। अधिकतर लोग सुल्तानपुर रोड पर ही बसना चाहते हैं।
बिल्डर करेंगे फ्लैट का निर्माण
10 हजार ग्रुप हाउसिंग यानी फ्लैट 362.41 एकड़ में विकसित किए जाएंगे लेकिन लखनऊ विकास प्राधिकरण इस ग्रुप हाउसिंग को विकसित नहीं करेगा। यह डेवलपमेंट निजी क्षेत्र को सौंपा जाएगा। ग्रुप हाउसिंग के भूखंड लखनऊ विकास प्राधिकरण निजी क्षेत्र में बेच देगा। यह बिक्री नीलामी के माध्यम से होगी ताकि निजी क्षेत्र बेहतर विकास करके फ्लैट्स की बिक्री कर सके।
बड़े अस्पताल के साथ दवाओं का बाजार भी होगा
व्यावसायिक उपयोग के लिए 57.10 एकड़ भूमि आरक्षित की गई है। 5 प्रतिशत भूमि रिजर्व की गई है जिसमें शॉपिंग मॉल, बाजार और शॉपिंग कंपलेक्स होंगे। 150 एकड़ में अस्पताल बनाए जाएंगे। अस्पतालों की इस पूरी कॉलोनी को ही वेलनेस सिटी का नाम दिया जा रहा है।
1199 एकड़ में विकसित होगी नई सिटी
कम्युनिटी यूटिलिटी 45.44 एकड़ यानि 3.79 प्रतिशत भूमि पर बिजली घर, नलकूप, सार्वजनिक शौचालय, पेट्रोल पंप विकसित किए जाएंगे। 48.95 एकड़ 4.08 प्रतिशत भूमि पर सर्विस एरिया के लिए आरक्षित किया गया है।। इस भूमि पर अलग-अलग सेवाओं के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण व्यवस्था करेगा जिसके जरिए आम लोगों को जरूरत की सेवाएं मिल सकेंगी।
बेहतर परिवहन व्यवस्था के लिए सड़क निर्माण 253.67 एकड़ में किया जाएगा। चौड़ी सड़कों का प्रावधान भी किया जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण की कॉलोनी में कई जगह सकरी सड़क की शिकायत हुई है। ऐसा वेलनेस सिटी में नहीं होगा, इस बात का ख्याल रखा जा रहा है। पार्कों और ग्रीन बेल्ट के लिए अच्छी-खासी जमीन छोड़ी जा रही है जो कि 200.53 एकड़ होगी। कुल मिला कर पूरी वेलनेस सिटी का 1199 एकड़ भूमि पर विकास किया जाएगा।