ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। मोहम्मद शमी 19 नवंबर 2023 के बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं। वे चोटिल थे। उन्होंने जनवरी-2024 में लंदन में सर्जरी कराई थी।
इंग्लैंड के खिलाफ घोषित टी-20 सीरीज में तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी हो गई है। वह वनडे वर्ल्डकप फाइनल के 14 महीने बाद इंटरनेशनल मैच खेलेंगे। वहीं, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। बीसीसीआई ने टीम घोषित कर दी है। अक्षर पटेल को टीम का उपकप्तान बनाया गया, सूर्यकुमार यादव कप्तानी करेंगे।
– अक्षर पटेल उपकप्तान, ऋषभ पंत बाहर
ऋषभ पंत को जगह नहीं मिली, उनकी जगह ध्रुव जुरेल बैकअप विकेटकीपर होंगे। वॉशिंगटन सुंदर और नीतीश कुमार रेड्डी को भी टीम में जगह दी गई। टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 22 जनवरी को खेला जाएगा। 6 फरवरी से 3 वनडे की सीरीज शुरू होगी। वनडे सीरीज और चैंपियंस ट्रॉफी के लिए टीम का एलान नहीं हुआ। भारतीय टीम में शिवम दुबे, जितेश शर्मा, ऋषभ पंत और आवेश खान को जगह नहीं मिली। रियान पराग को भी मौका नहीं मिला है।
नीतीश कुमार रेड्डी, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर के रूप में 4 ऑलराउंडर्स को शामिल किया। यानी कि सिलेक्टर्स ने भारतीय टीम में बैटिंग लाइनअप की गहराई पर जोर दिया है। साथ ही पेस और स्पिन गेंदबाजी के भी ऑप्शन रखे हैं। साउथ अफ्रीका से टी-20 सीरीज जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे रमनदीप सिंह, जितेश शर्मा, आवेश खान, यश दयाल और विजय कुमार को मौका नहीं मिला है।
शमी ने डोमेस्टिक क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन किया
शमी ने चोट के बाद बंगाल की ओर से रणजी ट्रॉफी के राउंड-1 में मध्य प्रदेश के खिलाफ मैच से वापसी की। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली (टी-20) और विजय हजारे ट्रॉफी (वनडे) भी खेला था, जिससे भारतीय टीम में उनकी वापसी की उम्मीद बढ़ गई थी।
भारत की टी-20 टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, नीतीश रेड्डी, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद शमी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवि बिश्नोई, वरुण चक्रवर्ती और वॉशिंगटन सुंदर।













