ब्लिट्ज ब्यूरो
खीमपुर-खीरी। लखीमपुर खीरी जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल की पहल पर अब महिलाओं को ग्रामीण क्षेत्रों में बनी पानी की टंकी के संचालन के लिए फिटर, प्लंबर और पंप ऑपरेटर के पद पर तैनाती दी जाएगी। इससे न केवल पेयजल सप्लाई व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि महिलाओं को गांव में ही रोजगार भी मिलेगा।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को पहले प्लंबर, फिटर और पंप ऑपरेटर का तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। पहले चरण में लखीमपुर और नकहा ब्लॉक की 168 महिलाओं का चयन किया गया है, जिनमें से प्रत्येक ट्रेड में 56-56 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीडीओ अभिषेक कुमार ने कहा कि इस पहल से जहां महिलाओं को दक्ष बनाया जाएगा, वहीं वे रोजगार पाकर आत्मनिर्भर और सशक्त भी बनेंगी। प्रशिक्षण प्राप्त कर ये महिलाएं गांव में पानी की आपूर्ति, वोल्टेज मीटर और मोटर पंप के रख-रखाव का संचालन सही तरीके से करेंगी।
विशेष प्रशिक्षण और टूल किट वितरण
महिलाओं को विशेष तौर पर प्रशिक्षित किया जाएगा और उन्हें निशुल्क टूल किट भी वितरित की जाएगी।













