ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। संडे हो या मंडे रोज खाओ अंडे… इसे आप बचपन में खूब गुनगुनाते होंगे, लेकिन शायद ही आप जानते होंगे कि रोजाना अंडा खाने के कितने फायदे होते हैं। डेली अंडा खाने से आप अल्जाइमर और गंभीर हार्ट डिजीज समेत कई बीमारियों के खतरे को भी कम कर सकते हैं। यह शरीर के विकास में भी मददगार साबित होता है।
अंडे में प्रोटीन, ओमेगा 3 फैटी एसिड, ल्यूटिन एंटीऑक्सीडेंट्स, विटामिन ए, डी, बी12, राइबोफ्लेविन (विटामिन बी2), पैंटोथेनिक एसिड (विटामिन बी5), फॉस्फोरस, फोलेट, सेलेनियम, कैल्शियम और जिंक जैसे कई पोषक तत्व होते हैं, जो ओवरऑल हेल्थ के विकास के लिए बेहद जरूरी होते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डेली एक अंडा खाने से हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा कम हो सकता है।
‘जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन’ में प्रकाशित एक स्टडी में सामने आया कि ब्रेकफास्ट में खाया जाने वाला अंडा अल्जाइमर और डिमेंशिया के खिलाफ प्रोटेक्टिव रोल निभा सकता है। बता दें उम्र बढ़ने के साथ ही लोगों में अल्जाइमर रोग विकसित होने का खतरा बढ़ जाता है। इस बीमारी में धीरे-धीरे याददाश्त और सोचने की क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में आप रोजाना अंडा खाकर इस बीमारी का खतरा कम कर सकते हैं। अंडे के सफेद भाग में प्रोटीन और अमीनो एसिड होता है, जो शरीर में मसल्स बिल्डिंग और मरम्मत में मदद कर सकता है।