लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल के दौरान एक बार फिर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर उन पर जमकर हमला बोला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा ने अपनी कारगुजारियों के चलते प्रदेश के विकास की संभावनाएं गंवा दीं। सपा सरकार ने यूपी को बीमारू बनाया और अब उनका पर्सनल एजेंडा फलीभूत नहीं हो पा रहा है इसलिए उन्हें राज्य का विकास पसंद नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 में यूपी वन ट्रिलियन डालर इकॉनामी वाला राज्य बन जाएगा।
मुख्यमंत्री प्रश्न प्रहर में समाजवादी पार्टी की सदस्य डा. रागिनी के सवाल का जवाब दे रहे थे। डा. रागिनी ने जानना चाहा कि यूपी कब तक वन ट्रिलियन इकॉनामी वाला राज्य बनेगा और कौन-कौन से अधिकारी इसमें क्या-क्या योगदान दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सपा की सरकार आई थी तब राज्य की अर्थव्यवस्था 12 लाख करोड़ रुपये थी। यह इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 27.5 लाख करोड़ रुपये हो जाएगी। विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग भारत को विकसित राष्ट्र नहीं मानते वे उत्तर प्रदेश की आर्थिक वृद्धि पर भी सवाल उठाते हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की एक बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है। हो सकता है कि कुछ लोगों को अच्छा नहीं लग रहा हो क्योंकि जिनका अपना पर्सनल एजेंडा होता है, वह देश के विकास को अच्छा नहीं मानेंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि देश की अर्थव्यवस्था आज विश्व में पांचवें स्थान पर पहुंच चुकी है और 2027 तक भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए 10 प्रमुख क्षेत्रों को चिहिनत किया गया है।