ब्लिट्ज ब्यूरो
गांधीनगर। उत्तराखंड में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू होने के बाद अब गुजरात में इस दिशा में काम शुरू हो गया है। समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर दिशानिर्देश बनाने के लिए गठित पांच सदस्यीय समिति की बैठक हुई। मीटिंग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट की न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई (सेवानिवृत्त) ने की। मीटिंग की जानकारी देते हुए जस्टिस देसाई ने कहा कि आज से हम अपना काम शुरू कर रहे हैं। हमें यह देखना है कि गुजरात में यूसीसी कैसे लागू की जा सकती है।
गुजरात में यूसीसी को लेकर सीएम भूपेंद्र पटेल ने पिछले महीने ही पांच सदस्यीय समित बनाई थी जिसकी अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई के हाथों में दी थी। आज उसी समिति की पहली बैठक थी। जस्टिस देसाई ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि गुजरात सरकार ने समिति बनाई है। आज से हम अपना काम शुरू कर रहे हैं। हमें यह देखने का काम सौंपा गया है कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) कैसे लागू की जा सकती है। हम दो उप-समितियां बनाएंगे – एक जनता से राय लेने के लिए और दूसरी मसौदा तैयार करने के लिए है। गुजरात सरकार ने एक समान नागरिक संहिता बनाने के लिए एक समिति बनाई है। आज बैठक में तय किया गया कि एक टीम बनाई जाएगी और उसके सदस्य जनता से राय लेंगे।












