ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में सैन्य ताकत के साथ प्रौद्योगिकी श्रेष्ठता की धमक देखने को मिली। चीन और तुर्किये से अनुदान में मिले हथियारों के बल पर पाकिस्तान को यह गुमान था कि भारत शायद उससे सीधा उलझने से बचेगा और सर्जिकल स्ट्राइक जैसी कोई कार्रवाई नहीं करेगा लेकिन भारत ने पाकिस्तान को चीन से मिली रक्षा वायु प्रणालियों को जाम करते हुए 23 मिनट के सफल मिशन में उसके आतंकियों के अड्डों को जमींदोज कर दिया।
भारतीय सशस्त्र बलों ने नियंत्रण रेखा या अंतरराष्ट्रीय सीमा को पार किए बिना पाकिस्तान में खुलेआम संचालित हो रहे आतंकवादियों के बुनियादी ढांचे पर प्रहार किया और कई खतरों को खत्म कर दिया। भारत ने सटीकता के साथ आक्रामक कार्रवाई की और पाकिस्तान के प्रमुख एयरबेस- नूर खान और रहीमयार खान को निशाना बनाया। इसके लिए विनाशकारी प्रभाव वाले घूमते हुए हथियारों, जिन्हें आत्मघाती ड्रोन या कामिकेज ड्रोन कहा जाता है, का इस्तेमाल किया। इन हथियारों से दुश्मन के रडार और मिसाइल प्रणाली सहित उन्नत तकनीकी वाले लक्ष्यों को ढूंढ़कर नष्ट कर दिया।
सीमा पार से आने वाले खतरे से निपटने के लिए चार स्तरीय तैयारी की गई, जिसमें ड्रोन रोधी प्रणाली, कंधे से दागे जाने वाले हथियार और आधुनिक वायु रक्षा प्रणाली शामिल थी। 9-10 मई की रात को जब पाकिस्तान की तरफ से हमले किए गए तब दुनिया के सामने इन प्रणालियों की श्रेष्ठता साबित हुई।
भारतीय वायु रक्षा प्रणाली की श्रेष्ठता
रक्षा मंत्रालय के बयान के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर ने भारतीय रक्षा प्रणालियों की ओर से दुश्मन के प्रौद्योगिकियों को बेअसर करने के ठोस प्रमाण भी पेश किए। पाकिस्तान ने 7-8 मई की रात को भारत पर हमले करने की कोशिश की। चीन और तुर्किये से मिले हथियारों का प्रयोग कर अवंतीपुरा, श्रीनगर, अमृतसर, भुज समेत उत्तरी और पश्चिमी भारत में सैन्य ठिकानों को नुकसान पहुंचाना चाहा लेकिन भारत की मजबूत वायु रक्षा प्रणाली ने सीमा पार से आए हर खतरे को आसमान में ही तिनके की तरफ बिखेर दिया। चीनी मूल के पीएल-15 मिसाइलों के टुकड़े मिले। तुर्किये निर्मित मानव रहित विमान (यूएवी) जिन्हें यिहा या यीहाव नाम दिया गया था, इनके टुकड़े भी पाए गए। इसके अलावा लंबी दूरी तक मार करने वाले रॉकेट, क्वाडकॉप्टर और ड्रोन भी पाए गए। इन सभी को भारतीय वायु रक्षा प्रणालियों ने आसमान में ही नष्ट कर दिया था।
असाधारण तालमेल किया
सैन्य व नागरिक ठिकानों पर हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में कई स्थानों पर एयर डिफेंस रडार व सिस्टम को निशाना बनाया। लाहौर में एक एयर डिफेंस सिस्टम ध्वस्त कर दिया। इसके लिए वायु रक्षा प्रणालियों का उपयोग किया गया।

























