ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। अब कक्षा 3 से 12वीं तक के छात्र ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की गौरवगाथा पढ़ेंगे। इसका उद्देश्य छात्रों को भारत की सैन्य शक्ति के बारे में बताना है। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर आधारित दो विशेष मॉड्यूल तैयार किए जा रहे हैं और जल्द ही इसे जारी किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि एनसीईआरटी के इस कदम का उद्देश्य स्कूली छात्रों को भारत की सैन्य शक्ति, तकनीकी प्रगति और राष्ट्रीय सुरक्षा में योगदान के बारे में जागरूक करना है।
सूत्रों का कहना है कि 8 से 10 पेज का यह विशेष मॉड्यूल दो भागों में होगा। पहला मॉड्यूल क्लास 3 से 8 तक के छात्रों के लिए होगा और दूसरा मॉड्यूल क्लास 9 से 12 के छात्रों के लिए होगा।
इसके साथ ही छात्रों को इन विषयों के बारे में भी बताया जाएगा-
1. मिशन जीवन
2. विभाजन की भयावहता
3. अंतरिक्ष शक्ति के रूप में भारत का उदय – चंद्रयान से लेकर आदित्य एल1 तक, सुभांशु शुक्ला का अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर आगमन – भविष्य का रोडमैप।
भारत और उसके सशस्त्र बलों की उपलब्धियों का वर्णन इस मॉड्यूल में किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को भारत की सैन्य शक्ति और पाकिस्तान की एक बार फिर हार के बारे में जागरूक करना है।































