ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। टाइम मैगजीन ने भारतीय ओपनर यशस्वी जायसवाल को दुनिया के 100 उभरते सितारों की लिस्ट में शुमार किया है। जायसवाल 2025 टाइम 100 नेक्स्ट में शामिल इकलौते क्रिकेटर हैं। 23 साल के इस बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस लिस्ट में अपना नाम आने पर खुशी जाहिर की।
यशस्वी ने X पर अपनी पोस्ट में लिखा, ‘क्या शानदार समय है! मुझे साल 2025 की टाइम 100 नेक्स्ट की सूची में भविष्य को आकार देने वाले लीडर्स के साथ शामिल किया गया है। इस पर मुझे गर्व है। यह मुझे याद दिलाता है कि मैं कितनी दूर आ गया हूं और कितना आगे जाना चाहता हूं।’ यशस्वी ने इस पोस्ट के जरिए खुद को टाइम 100 नेक्स्ट की सूची में शामिल करने की जानकारी दी।
यशस्वी जायसवाल इस समय अहमदाबाद में है। उन्हें 2 अक्टूबर से वेस्ट इंडीज के खिलाफ शुरू हो रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। यशस्वी ने टीम इंडिया के प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लिया। पहला मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
दुनिया भर के 5 खिलाड़ियों को जगह मिली
ताजा सूची में 5 खिलाड़ियों के नाम हैं। इनमें यशस्वी जायसवाल के अलावा स्पेनिश फुटबॉलर लैमिन यामाल, अमेरिका की बास्केटबॉल खिलाड़ी पैगे ब्यूकर्स, अमेरिका के टेनिस स्टार टेलर फ्रिट्ज, थाईलैंड के गोल्फर जीनो थितिकुल के नाम शामिल हैं।
पहली सूची में दुती चंद, बेन स्टोक्स और गॉफ को जगह
टाइम 100 नेक्स्ट की शुरुआत 2019 में की गई थी। तब भारत की फर्राटा धाविका दुती चंद को शामिल किया था। वे इस सूची में शामिल पहली भारतीय बनी थीं। उसी साल इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स इस लिस्ट में शामिल होने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर बने। उसके बाद 2022 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का नाम आया।