ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। महाराष्ट्र के सांगली जिले के इस्लामपुर शहर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर ईश्वरपुर किया जाएगा। भारतीय सर्वेक्षण विभाग ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह फैसला भारत सरकार के गृह मंत्रालय के पत्र के आधार पर लिया गया है।
भारतीय सर्वेक्षण विभाग ने नाम परिवर्तन के प्रस्ताव की जांच और स्थल सत्यापन के बाद इसे स्वीकृति दी। इस्लामपुर नगर परिषद ने 4 जून 2025 को संकल्प संख्या 825 के तहत शहर का नाम ईश्वरपुर करने का प्रस्ताव पारित किया था। इस प्रस्ताव को सांगली के वरिष्ठ डाकघर अधीक्षक और मध्य रेलवे, मिराज के सहायक मंडल अभियंता ने भी अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी कर समर्थन दिया था।
विभाग के मुताबिक, प्रस्तावित नाम परिवर्तन सभी मान्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के अनुरूप है। नए नाम की देवनागरी और रोमन वर्तनी ईश्वरपुर तय की गई है, जिसका लिप्यंतरण भारतीय लिपियों की ध्वनियों को सटीक रूप से दर्शाने के लिए डायक्रिटिक्स पद्धति के अनुसार किया गया है।
रेलवे स्टेशन का नाम उर्दू में लिखने का विरोध
भाजपा विधायक संजय केनेकर ने मांग की है कि छत्रपति साहूजी महाराज रेलवे स्टेशन पर लगे बोर्ड से उर्दू लिपि में लिखा ‘छत्रपति संभाजीनगर’ नाम हटा दिया जाए। दूसरी ओर मुंबई में मेट्रो स्टेशनों के नामकरण को लेकर कांग्रेस विरोध जता रही है। पिछले सप्ताह सरकार ने ‘औरंगाबाद’ रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर ‘छत्रपति संभाजीनगर स्टेशन’ करने की अधिसूचना जारी की थी। तीन साल पहले इस शहर का नाम बदलकर छत्रपति संभाजी नगर किया गया था।































