ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। आरपी-संजीव गोयनका समूह के चेयरमैन संजीव गोयनका ने पश्चिम बंगाल में 15,800 करोड़ रुपये के पूंजीगत निवेश (कैपेक्स) की घोषणा की। यह निवेश राज्य में ऊर्जा, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाएगा।
बिजनेस एंड इंडस्ट्री कॉन्क्लेव 2025 को संबोधित करते हुए संजीव गोयनका ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्णायक नेतृत्व की सराहना की और कहा कि इससे राज्य में निवेश को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बीते वर्षों में उनका समूह पहले ही 26,500 करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है।
घोषित निवेश का सबसे अहम हिस्सा ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ा है। गोयनका ने बताया कि समूह 12,000 करोड़ रुपये की लागत से 5,000 मेगावाट-ऑवर क्षमता की एक अत्याधुनिक ऊर्जा भंडारण परियोजना स्थापित करेगा। उन्होंने दावा किया कि यह परियोजना देश में अपनी तरह की शुरुआती और सबसे बड़ी परियोजनाओं में शामिल होगी। इस उच्च क्षमता वाले ऊर्जा भंडारण सिस्टम का तात्कालिक लक्ष्य कोलकाता को कम से कम 50 प्रतिशत बिजली नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से उपलब्ध कराना है। समूह के मुताबिक, यह परियोजना राज्य के ऊर्जा संक्रमण और हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

























