ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। प्रदूषण से मुक्त, आधुनिक और सस्टेनेबल दिल्ली के निर्माण की दिशा में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने एक और बड़ा कदम उठाया है। आने वाले वित्तीय वर्ष से लागू होने वाली नई इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) पॉलिसी राजधानी की परिवहन व्यवस्था को हरित, स्मार्ट और नागरिक अनुकूल बनाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
यह पॉलिसी केवल वाहनों को इलेक्टि्रक बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य दिल्लीवासियों की जीवन-गुणवत्ता में वास्तविक सुधार लाना है। वाहनों से निकलने वाला धुआं राजधानी में प्रदूषण का एक बड़ा कारण है। ईवी को प्राथमिक विकल्प बनाकर सरकार पीएम 2.5 और पीएम 10 जैसे प्रदूषकों में प्रभावी कमी लाने की दिशा में काम कर रही है।
नई ईवी पॉलिसी के अंतर्गत पुराने पेट्रोल-डीजल वाहनों को स्क्रैप करने पर प्रोत्साहन, ईवी खरीद पर आकर्षक सब्सिडी, तथा रोड टैक्स और रजिस्ट्रेशन शुल्क से छूट जैसी सुविधाएं दी जाएंगी, ताकि हर मध्यमवर्गीय परिवान के लिए ईवी खरीदना आसान हो सके। दिल्ली सरकार शहरभर में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के व्यापक विस्तार पर भी काम कर रही है।

























