ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। महाराष्ट्र की धार्मिक और हेरिटेज साइट की सैर करने वालों का सफर जल्द ही आसान होने वाला है। राज्य पर्यटन विभाग ने राज्य की सभी धार्मिक व हेरिटेज साइट्स के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का प्लान बनाया है। विभाग की इस पहल से पर्यटकों का सफर घंटों के बजाय मिनटों ने पूरा होगा। पर्यटन विभाग के डायरेक्टर डॉ. बीएन पाटील के अनुसार, शिर्डी, नाशिक, भीमाशंकर, अजंता, एलोरा समेत राज्य के अन्य प्रमुख पयर्टन स्थलों पर हेलीपैड तैयार करने की योजना है। इसमें से कुछ स्थानों पर हेलीपैड बन भी चुके है।
राज्य में 75 नमो सेंटर, और भी बनाए जाएंगे
डॉ. पाटील के अनुसार, राज्य में आने वाले सैलानियों की संख्या में हर साल 15% की वृद्धि हो रही है। सैलानियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी संख्या में हर साल 20-25% बढ़ोतरी करने की तैयारी है। पर्यटन स्थल पर लोगों का बेहतर मार्गदर्शन करने के लिए राज्य में 75 नमो सेंटर तैयार किए गए है। जल्द ही राज्य में और नमो सेंटर तैयार किए जाएंगे।
पर्यटकों को आकर्षित करने की योजना
राज्य में घूमने आनेनवाले पयर्टक सड़क मार्ग से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचते है। कई स्थानों के बीच की दूरी अधिक होने के कारण उन्हें अपने गंतव्य तक पहुंचने में 4-6 घंटे या उससे भी अधिक समय लगता है। हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध होने से उनका सफर तेजी से पूरा होगा। इससे उनके समय के साथ-साथ ईंन्धन की भी बचत होगी। अब सफर को आसान बनाकर पर्यटन विभाग ने सैलानियों को आकर्षित करने का प्लान बनाया है।





























