ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। भारत के शहरी और औद्योगिक विकास इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास एक अत्याधुनिक और विश्वस्तरीय ‘इनोवेशन सिटी’ विकसित करने की योजना सामने आई है, जिसमें देश का अग्रणी औद्योगिक समूह टाटा ग्रुप करीब 11 अरब डॉलर (लगभग 90 हजार करोड़ रुपये) का निवेश कर सकता है। यह परियोजना तकनीक, स्टार्टअप, रोजगार और इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में व्यापक बदलाव लाने वाली मानी जा रही है। इस प्रस्तावित इनोवेशन सिटी को केवल एक व्यावसायिक या आईटी ज़ोन के रूप में नहीं, बल्कि एक समग्र शहरी-तकनीकी इकोसिस्टम के तौर पर विकसित करने की योजना है, जहां रिसर्च, इनोवेशन, उद्योग और आधुनिक जीवनशैली एक साथ आगे बढ़ेंगे।
टेक्नोलॉजी व रोजगार के नए युग की शुरुआत
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (एनएमआईए) को देश के सबसे बड़े और आधुनिक हवाई अड्डों में गिना जा रहा है। यह हवाई अड्डा मुंबई के मौजूदा छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ते दबाव को कम करने के साथ-साथ देश और दुनिया को जोड़ने वाला एक नया केंद्र बनेगा। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहले ही देश की सबसे महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है। इसके आसपास इनोवेशन सिटी विकसित करने का विचार वैश्विक शहर नियोजन मॉडल पर आधारित है। दुनिया के कई बड़े शहरों, जैसे सिंगापुर, दुबई, लंदन और एम्सटर्डम में हवाई अड्डों के आसपास इनोवेशन और बिजनेस सिटी विकसित की गई हैं। इन मॉडलों से प्रेरणा लेते हुए नवी मुंबई में भी एयरपोर्ट को केवल यातायात केंद्र न मानकर, आर्थिक गतिविधियों का इंजन बनाने की योजना है। विशेषज्ञों का मानना है कि एयरपोर्ट के पास होने से अंतरराष्ट्रीय कंपनियों, निवेशकों और तकनीकी विशेषज्ञों को तेज़, सुगम और सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे यह क्षेत्र स्वाभाविक रूप से वैश्विक निवेश का आकर्षण केंद्र बनेगा।
केवल आईटी पार्क नहीं, बल्कि एक पूरा इकोसिस्टम
प्रस्तावित इनोवेशन सिटी को साधारण टेक पार्क या कॉर्पोरेट ज़ोन के रूप में नहीं देखा जा रहा है। यह एक समग्र और आत्मनिर्भर शहरी इकोसिस्टम होगा, जहां नवाचार, उद्योग, शिक्षा और जीवनशैली एक साथ विकसित होंगी। संभावित प्रमुख घटक-
अत्याधुनिक रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेंटर,
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, रोबोटिक्स और साइबर सिक्योरिटी के लिए विशेष ज़ोन
सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
ग्रीन एनर्जी और क्लीन टेक्नोलॉजी पर आधारित परियोजनाएं
इस शहर को भविष्य की तकनीकों की प्रयोगशाला माना जा रहा है
भरोसे और स्थिरता का प्रतीक
टाटा समूह भारत में विश्वसनीयता, दीर्घकालिक सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए जाना जाता है। 11 अरब डॉलर का यह संभावित निवेश समूह के इतिहास के सबसे बड़े शहरी-तकनीकी निवेशों में से एक माना जा रहा है। जानकारों के अनुसार, निवेश को कई चरणों में विभाजित किया जाएगा-
प्रारंभिक चरण में इंफ्रास्ट्रक्चर और भूमि विकास
दूसरे चरण में टेक्नोलॉजी पार्क, रिसर्च सेंटर और स्टार्टअप हब
अंतिम चरण में रेजिडेंशियल, कमर्शियल और सामाजिक सुविधाएं! इससे परियोजना को लंबे समय तक स्थिर और टिकाऊ विकास मिल सकेगा।
स्टार्टअप व इनोवेशन को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म
भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। प्रस्तावित इनोवेशन सिटी इस स्थिति को और मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकती है। प्रस्तावित इनोवेशन सिटी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, सेमीकंडक्टर, ग्रीन एनर्जी, बायोटेक्नोलॉजी और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहने की संभावना है। स्टार्टअप्स के लिए यहां इन्क्यूबेशन सेंटर, रिसर्च लैब, फंडिंग नेटवर्क और इंडस्ट्री सपोर्ट सिस्टम विकसित किया जाएगा। यह शहर भारत के मौजूदा टेक हब बेंगलुरु, हैदराबाद और पुणे के समानांतर या उनसे भी आगे निकलने की क्षमता रखता है। वेंचर कैपिटल और एंजेल इन्वेस्टर्स की आसान पहुंच और इंडस्ट्री और अकादमिक संस्थानों के बीच सहयोग की उम्मीद है।
रोजगार सृजन: लाखों युवाओं के लिए अवसर
इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार उत्पन्न होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में रोजगार-
निर्माण और इंफ्रास्ट्रक्चर
आईटी, सॉफ्टवेयर और डेटा एनालिटिक्स
रिसर्च, डिजाइन और इंजीनियरिंग
हॉस्पिटैलिटी, ट्रांसपोर्ट और सर्विस सेक्टर, इसके अलावा आसपास के ग्रामीण और अर्ध-शहरी इलाकों को भी आर्थिक मजबूती मिलेगी।













