ब्लिट्ज ब्यूरो
नोएडा। नोएडा, गुरुग्राम और फरीदाबाद को जोड़ने वाले नई रैपिड रेल रूट यानी नमो भारत कॉरिडोर को हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी की सरकार ने मंजूरी दे दी है। पूरा कॉरिडोर 64 किलोमीटर का होगा, जिसमें 52 किलोमीटर हरियाणा के दायरे में आएगा। नमो भारत रैपिड रीजनल ट्रांजिट सिस्टम के इस कॉरिडोर के फाइनल अलाइनमेंट को स्वीकृति दी गई है, जो नोएडा-ग्रेटर नोएडा के साथ फरीदाबाद और गुरुग्राम को हाईस्पीड नेटवर्क से जोड़ेगा। ये नेटवर्क दिल्ली एनसीआर के 4 बड़े शहरों के बीच हाईस्पीड कनेक्टिविटी देगा।
गुरुग्राम में रैपिड रेल लाइन इफ्को चौक से शुरू होगी और सेक्टर 29, मिलेनियम सिटी, सेक्टर 52, सेक्टर 57 होते हुए सेक्टर 61 से ग्वाल पहाड़ी तक पहुंचेगी। यहां पर ये दिल्ली मेट्रो की येलो लाइन से भी कनेक्ट होगी, जो एक अहम इंटरचेंज का काम करेग। फरीदाबाद में ये नमो भारत कॉरिडोर सैनिक कालोनी, न्यू फरीदाबाद, एनआईटी, बाटा चौक से गुजरते हुए सेक्टर 12-15 तक जाएगी। यहां ये दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन से कनेक्ट होगी। ये रैपिड रेल रूट दिल्ली के सरायकाले खां से भी कनेक्ट होगा, यानी दिल्ली एनसीआर के बड़े शहर आपस में 160 से 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की रैपिड रेल से कनेक्ट होंगे।
नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम रैपिड रेल रूट की डीपीआर
नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन अगले कुछ महीनों में नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम रूट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करेगा. निर्माण कार्य दिसंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है और अगले साढ़े चार साल में पूरी हो जाएगी। ये रैपिड रेल कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो और गुरुग्राम मेट्रो के नेटवर्क से भी कई जगहों पर इंटरचेंज के जरिये कनेक्ट होगा, यानी कहीं भी दूरदराज के लोग भी इसका फायदा उठा पाएंगे।
एक ही ट्रैक पर मेट्रो और नमो भारत
हरियाणा सरकार ने ये प्रोजेक्ट 2026 दिसंबर से शुरू करने और 2031 तक कॉरिडोर को खोलने का लक्ष्य रखा है। गुरुग्राम फरीदाबाद नोएडा कॉरिडोर पर नमो भारत और लोकल मेट्रो एक ही ट्रैक पर चलेंगी। लोकल मेट्रो के लिए गुरुग्राम में 6 और फरीदाबाद में 8 छोटे स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है। इससे गुरुग्राम से फरीदाबाद की दूरी महज 20-25 मिनट में तय हो जाएगी। गुरुग्राम से नोएडा एयरपोर्ट की दूरी घंटे भर से कम रह जाएगी।
भूमि अधिग्रहण की तैयारी
इस कॉरिडोर के लिए 75 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहण की आवश्यकता होगी। हरियाणा सरकार ने ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गुरुग्राम में इफ्को चौक के पास और फरीदाबाद के बाटा चौक के आसपास के क्षेत्रों में जमीन की पहचान हो चुकी है। इसका निर्माण कार्य दिसंबर 2026 में शुरू होने की संभावना है।
गाजियाबाद-नोएडा-जेवर एयरपोर्ट कॉरिडोर
फरीदाबाद-गुरुग्राम-नोएडा नमो भारत कॉरिडोर को जेवर एयरपोर्ट की लाइन से भी जोड़ा जाएगा। इससे गुरुग्राम, फरीदाबाद के यात्री भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच सकेंगे। गाजियाबाद-नोएडा-जेवर एयरपोर्ट नमो भारत कॉरिडोर की लंबाई लगभग 72.44 किमी होगी। इसकी लागत 20,637 करोड़ रुपये आंकी गई है। ये सिद्धार्थ विहार (गाजियाबाद) से चार मूर्ति चौक (ग्रेटर नोएडा वेस्ट), इकोटेक-12, नॉलेज पार्क-5, परी चौक, ,यीडा सिटी से गुजरते हुए जेवर एयरपोर्ट तक जाएगी। इसमें कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें से 11 रैपिड रेल और और मेट्रो के साझा स्टेशन होंगे।
दिल्ली-मेरठ का नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर पूरा हो चुका है। साथ ही दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-अलवर रूट पर अब सरकार का फोकस है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम के साथ दिल्ली एनसीआर के 10 से ज्यादा बड़े शहर इस हाईस्पीड नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।












