ब्लिट्ज ब्यूरो
कानपुर। कानपुर को केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बड़ी सौगात दी है। जिले में पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर रमादेवी से गोल चौराहा तक फोरलेन एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने के लिए 988.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। 10.160 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट कॉरिडोर पर 16 रेलवे क्रॉसिंग हैं, जिससे बहुत ज़्यादा ट्रैफिक जाम होता है। यह प्रोजेक्ट एलिवेटेड रोड से ट्रैफिक को गुज़रने देकर खास शहरी जंक्शनों पर जाम कम करेगा। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग -91 पर भारी जाम कम होगा, जिससे आने-जाने वालों का सफर का समय कम होगा और कानपुर शहरी इलाके में सड़क सुरक्षा बेहतर होगी।
कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने कॉरिडोर निर्माण को स्वीकृति प्रदान करने के लिए नितिन गडकरी का आभार जताया है। अपने X हैंडल पर उन्होंने लिखा है- ‘आदरणीय मंत्री जी मेरे आग्रह पर कानपुर नगर में राष्ट्रीय राजमार्ग-91 पर रमादेवी से गोल चौराहा तक 4-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने की स्वीकृति दी है। मैं समस्त कानपुर नगर के निवासियों की ओर से आपका हृदय से आभार एवं हार्दिक धन्यवाद प्रकट करता हूं। आपकी जनकल्याणकारी सोच, संवेदनशीलता और निरंतर प्रयासों से नगर के विकास को नई दिशा मिली है। हमें पूर्ण विश्वास है कि आपके मार्गदर्शन में कानपुर निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहेगा।’
सांसद ने एक अन्य पोस्ट में लिखा है- ‘रमादेवी से गोल चौराहा तक 4-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण हेतु ₹988.30 करोड़ की स्वीकृति मिलना कानपुर के समग्र विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी निर्णय है। इससे शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी, समय की बचत होगी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। यह निर्णय निश्चित रूप से कानपुर के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला सिद्ध होगा







