ब्लिट्ज ब्यूरो
नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो नेटवर्क विस्तार के तहत सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-4 तक नई मेट्रो लाइन बनाने की तैयारी पूरी हो गई है। नोएडा मेट्रो रेल कार्पोरेशन (एनएमआरसी) ने इस प्रोजेक्ट की फाइनल रिपोर्ट शहरी विकास मंत्रालय को भेज दी है। इससे इस 7.5 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) की मंजूरी मिलने की उम्मीद और बढ़ गई है।
सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट तक रूट और लागत
इस नई मेट्रो लाइन का कुल रूट 7.5 किलोमीटर लंबा होगा और इसमें पांच मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। अनुमानित लागत 1250 करोड़ रुपये है, जिसे नोएडा अथॉरिटी और ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी साझा रूप से वहन करेंगी। फेज-1 में केवल ये पांच स्टेशन तैयार होंगे। भविष्य में विस्तार के लिए निर्णय नमो भारत प्रोजेक्ट के बाद लिया जाएगा।
फेज-1 में प्रस्तावित स्टेशन निम्नलिखित हैं, सेक्टर-51, सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 (किसान चौक के पास)। इस रूट के निर्माण से नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच यातायात व्यवस्था में काफी सुधार होगा और लोगों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
अन्य मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट
एनएमआरसी इस समय तीन मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट का टेंडर एक साथ निकालने की योजना बना रही है। इनमें बौड़ाकी तक मेट्रो विस्तार, बॉटेनिकल गार्डन सेक्टर-142 तक मेट्रो विस्तार और सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट सेक्टर-4 तक मेट्रो लाइन शामिल हैं। बौड़ाकी और बॉटेनिकल गार्डन प्रोजेक्ट की डीपीआर पहले ही मंजूर हो चुकी है।
मेट्रो से शहर में बदलाव
यह प्रोजेक्ट नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ ही रोजमर्रा की यात्रा को आसान और समय बचाने वाला बनाने में मदद करेगा। सेक्टर-51 से ग्रेनो वेस्ट तक मेट्रो लाइन के बनने से यातायात भी कम होगा और स्थानीय लोगों को शहर के अन्य हिस्सों तक पहुंचना आसान होगा।
डीपीआर मंत्रालय में भेजा
ग्रेनो वेस्ट प्रोजेक्ट का डीपीआर मंत्रालय में भेज दिया गया है। फेज-1 में पांच मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। आगे के फैसले नमो भारत प्रोजेक्ट के बाद लिए जाएंगे। वास्तविक लागत का आकलन पब्लिक इनवेस्टमेंट बोर्ड की बैठक के बाद किया जाएगा।
कृष्ण करुणेश, एमडी, एनएमआरसी













