दीपक सहगल
नई दिल्ली। बीए, बीएड, बीएससी, बीएड, बीकॉम, बीएड जैसे 4 साल के टीचर एजुकेशन प्रोग्राम आईटीईपी 2026 कोर्स में सीटों की संख्या बढ़ गई है। इससे छात्रों को आईआईटी, एनआईटी और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रमुख कॉलेजों में दाखिले का बेहतर मौका मिलेगा।
यह उन छात्रों के लिए बहुत बड़ी राहत है, जिन्होंने 4 साल इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) के लिए आवेदन किया है। पिछले साल की तुलना में आने वाले सत्र में 4 साल के टीचिंग कोर्स में सीटों की संख्या में 350 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।
अब यह कोर्स देश के कई आईआईटी, एनआईटी और दिल्ली विश्वविद्यालय के टॉप कॉलेजों समेत 285 संस्थानों में पढ़ाया जाएगा। नेशनल काउंसिल फॉर टीचर एजुकेशन (एनसीटीई) के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा का कहना है कि भारत के उच्च शिक्षा संस्थानों ने बहुविषयक अप्रोच को अपनाते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है।
आगामी सत्र में होंगी 22,950
2025 में केवल 77 संस्थानों में चार साल का टीचिंग कोर्स था और 6,100 सीटों के लिए मुकाबला हुआ था। वहीं, आने वाले सत्र में 22,950 सीटें होंगी। उन्होंने कहा कि आईआईटीज, केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसे संस्थान अब केवल इंजीनियरिंग, कॉमर्स या आर्ट्स के कुछ विषयों तक सीमित नहीं है बल्कि छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के मिशन पर काम हो रहा है।
17 अप्रैल को होगा एंट्रेंस टेस्ट, इस बार सबसे ज्यादा आवेदन
4 साल के टीचिंग कोर्स में एडमिशन के लिए एंट्रेंस टेस्ट करवाने की जिम्मेदारी नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के पास है और 17 अप्रैल को एंट्रेंस टेस्ट संभावित है। इस बार सबसे ज्यादा आवेदन 92,776 हुए हैं। बीए- बीएड, बीएससी-बीएड, बीकॉम-बीएड में दाखिला का मौका मिलेगा।
13 भाषाओं में एग्जाम
एग्जाम 13 भाषाओं में सीबीटी मोड में होगा। तीन घंटे का पेपर होगा और 12वीं के सिलेबस के आधार पर पेपर तैयार होगा। 181 में से 160 सवालों का जवाब देना होगा। 2023 में यह कोर्स 42 संस्थानों में था। 2024 में 64, 2025 में 77 और 2026 में अभी तक 285 संस्थानों में यह कोर्स शुरू करने पर सहमति बन गई है।
आईआईटी-एनआईटी सहित डीयू के इन टॉप कॉलेजों में मिलेगा एडमिशन
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी
राजस्थान और झारखंड के केंद्रीय विश्वविद्यालय
तेजपुर यूनिवर्सिटी, असम
जामिया मिल्लिया इस्लामिया
आईआईटी, खड़गपुर
आईआईटी, रोपड़
आईआईटी, जोधपुर
नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) हैदराबाद
डीयू का लेडी श्री राम कॉलेज
डीयू का मिरांडा हाउस
डीयू का का गार्गी कॉलेज
डीयू का अदिति महाविद्यालय
इंस्टीट्यूट ऑफ होम इकॉनामिक्स, हौजखास सहित 285 संस्थान।













