ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली।राजकोट से लोकसभा सदस्य एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री पुरुषोत्तम भाई रुपाला ने कहा है कि ‘ब्लिट्ज इंडिया’ का गुजराती एडिशन यहां से शुरू होने पर हम उसका स्वागत करते हैं जिसका लोकार्पण माननीय राज्यपाल आचार्य देवव्रत के कर कमलों द्वारा किया गया।
रुपाला ने कहा कि एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी अखबार जो 14 से अधिक देशों में फैला हुआ है और 15 से अधिक राज्यों में मौजूद है, इस तरह के एक अंग्रेजी अखबार का गुजराती संस्करण गुजराती पहचान को देश और विदेश में आसानी से फैलाएगा।
लोकसभा सांसद रुपाला ने कहा कि ‘विकास की पत्रकारिता’ से जुड़ा ‘ब्लिट्ज इंडिया’ का यह प्रयोग निश्िचत रूप से प्रशंसनीय है। इसके के लिए मैं ‘ब्लिट्ज इंडिया’ टीम को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। भारत आज एक ऐसी स्थिति में है और पूरी दुनिया जिस मंच पर है, उसमें भारत की वर्तमान स्थिति बहुत महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
रुपाला ने कहा कि ऐसे समय में ‘ब्लिट्ज इंडिया’ जैसी विकास की पत्रकारिता के माध्यम से ‘विकसित भारत’ की कहानियों को विश्व मंच पर ले जाने का प्रयास न केवल सफल होगा, बल्कि देश और दुनिया को दिशा देने का महत्वपूर्ण काम भी करेगा।
उन्होंने कहा कि मैं हमेशा कहता हूं – अक्सर छोटी-छोटी चीजें होती हैं, लेकिन वे शायद ही कभी चर्चा में आती हैं। विकास की पत्रकारिता ऐसी छोटी-छोटी घटनाओं को जनता के सामने लाने में अहम भूमिका निभा सकती है। उन्होंने कहा कि विकास की नई-नई गाथाएं लिखने में गुजरात के राज्यपाल भी अहम योगदान दे रहे हैं।
हमें एक ऐसे राज्यपाल मिले हैं जो राजभवन से बाहर निकलकर खेतों में खड़े रहते हैं। सुबह उठकर गांव के स्कूलों के बच्चों से बातचीत करना- यही गुजरात के बेटे-बेटियों का बहुत बड़ा सौभाग्य है।
उन्होंने कहा कि गुजरात समेत पूरे देश में अनेक ऐसे घटनाक्रम हो रहे हैं जो देश के विकास को एक नया स्वरूप दे रहे हैं। अगर पत्रकार उन पर अपनी कलम उठाते हैं, तो दुनिया और देश अपार प्रेरणा ले सकते हैं। कई युवा जीवन को समृद्ध करने वाली जीविका पा सकते हैं। हम सभी को पढ़ने, जानने और समझने का अवसर मिल सकता है।
सांसद ने कहा कि यह ‘गुजराती अखबार’ – ‘गुजराती मीडिया’ के रूप में ‘ब्लिट्ज’ अंग्रेजी से गुजराती में आ रहा है। मैं पुन: इसका स्वागत करता हूं और अपनी शुभकामनाएं देता हूं।













