ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मशहूर एंकर शेफाली बग्गा ने उनके प्रदर्शन की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि वह जल्द ही भारत की टी20 टीम में जगह बना सकते हैं। आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद वैभव ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है और अब उन्हें टीम इंडिया के संभावित खिलाड़ियों में देखा जा रहा है।

क्लास और आत्मविश्वास बनाता है खास
शेफाली बग्गा ने वैभव की बल्लेबाजी शैली की तारीफ करते हुए कहा, ‘वह बहुत क्लास के साथ खेलते हैं और गेंदबाजों पर हावी रहते हैं। हमने पिछले साल देखा कि उन्होंने शतक बनाकर सभी को प्रभावित किया।’ उन्होंने यह भी बताया कि इतनी कम उम्र में जिस तरह वैभव बड़े गेंदबाजों का सामना कर रहे हैं, वह उनकी खासियत को दर्शाता है।
अंडर-19 से आईपीएल तक का शानदार सफर
वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अंडर-19 स्तर पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई। यहां तक कि उन्होंने जसप्रीत बुमराह जैसे विश्व स्तरीय गेंदबाज के खिलाफ भी बेखौफ बल्लेबाजी की, जो उनके आत्मविश्वास को दिखाता है।
आईपीएल बना प्रतिभाओं का मंच
शेफाली बग्गा ने आईपीएल को युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ा मंच बताते हुए कहा कि यह टूर्नामेंट लगातार नए सितारों को मौका दे रहा है। उन्होंने आयुष म्हात्रे, प्रफुल्ल हिंगे और प्रियांश आर्या जैसे खिलाड़ियों का उदाहरण दिया, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट से निकलकर बड़ा मंच हासिल किया। शेफाली बग्गा ने वैभव के भविष्य को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा, ‘वैभव सूर्यवंशी जैसे कई खिलाड़ी हैं, लेकिन उसे खास बनाता है उसका माइंडसेट। मुझे लगता है कि इतनी कम उम्र में ही वह भारतीय टी20 टीम में जरूर नजर आएगा।’ उन्होंने यह भी कहा कि सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल होना उनकी यात्रा को और खास बनाता है।













