ब्लिट्ज ब्यूरो
सैन फ्रांसिस्को (अमेरिका)। दिग्गज तकनीकी कंपनी एपल को नया मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मिल गया है। इसके साथ ही टिम कुक जल्द ही सीईओ के पद से इस्तीफा देंगे। हालांकि, वह कंपनी में सीमित भूमिका में बने रहेंगे। उनकी जगह कंपनी की कमान जॉन टर्नस संभालेंगे, जो अब तक कंपनी में हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख रहे हैं।
एपल के मुख्य कार्यकारी टिम कुक का 15 साल का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इस दौरान कंपनी का बाजार मूल्य बहुत तेजी से बढ़ा। आईफोन के दौर में एपल का मूल्य 3.6 ट्रिलियन डॉलर से ज्यादा हो गया। टिम कुक (65 वर्षीय) एक सितंबर से सीईओ के पद से हट जाएंगे। उनकी जगह कंपनी के हार्डवेयर इंजीनियरिंग प्रमुख जॉन टर्नस नए सीईओ बनेंगे।
कंपनी के कामकाज में सीमित भूमिका निभाते रहेंगे कुक
हालांकि, टिम कुक कंपनी से पूरी तरह नहीं हटेंगे। वह एपल में कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में जुड़े रहेंगे और कंपनी के कामकाज में भूमिका निभाते रहेंगे। यह बदलाव अमेजन के जेफ बेजोस और नेटफ्लिक्स के रीड हेस्टिंग्स की तरह है। उन्होंने भी सीईओ पद छोड़ने के बाद कंपनी में सीमित भूमिका निभाई थी।
टिम कुक को स्टीव जॉब्स जैसी दूरदर्शिता वाला तकनीकी दिग्गज नहीं माना गया लेकिन उन्होंने जॉब्स द्वारा बनाए गए आईफोन और अन्य तकनीकी नवाचारों का उपयोग किया। इसके जरिए उन्होंने एपल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
एपल कंपनी 1990 के दशक में लगभग दिवालिया होने की स्थिति में थी। कुक के नेतृत्व में दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो गई।













