ब्लिट्ज ब्यूरो
गोथेनबर्ग। पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में स्वीडन के गोथेनबर्ग पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन की सरकार ने अपने सर्वोच्च सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार, कमांडर ग्रैंड क्रॉस’ से सम्मानित किया है। यह किसी भी देश के प्रमुख को दिया जाने वाला स्वीडन का सर्वोच्च और प्रतिष्ठित सम्मान है। इस सम्मान के साथ ही पीएम मोदी को अब तक कुल 31 अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जो दुनिया के अलग-अलग देशों की तरफ से उन्हें दिए गए सर्वोच्च नागरिक और राजकीय सम्मानों में शामिल हैं।
पीएम मोदी के स्वीडन दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और स्वीडन के द्विपक्षीय संबंधों को एक ज्यादा संगठित और तकनीक-आधारित आर्थिक साझेदारी में बदलना है। प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा का केंद्र स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टिर्सन के साथ उच्चस्तरीय बातचीत, स्वीडिश बिजनेस जगत के प्रमुख लोगों से मुलाकात और भारत की ग्रीन एनर्जी ट्रांजिसन, डिजिटल इनोवेशन और डिफेंस-टेक्नोलॉजी एजेंडों में स्वीडन को एक प्रमुख नॉर्डिक साझेदार के रूप में स्थापित करना रहा ।
भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत
पीएम मोदी दो दिवसीय यात्रा पर स्वीडन पहुंचे थे। गोथेनबर्ग एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का बंगाली परंपरा के अनुसार भव्य स्वागत किय। इसके साथ ही, विदेशी छात्राओं ने पीएम मोदी के स्वागत में भरतनाट्यम की भी प्रस्तुति दी।













