ब्लिट्ज ब्यूरो
ओटावा। कनाडा में पढ़ाई के लिए जब कोई भारतीय छात्र पहुंचता है, तो उसे तुरंत बैंक अकाउंट खुलवाने की जरूरत पड़ती है। बिना अकाउंट के रोजमर्रा की चीजों के लिए पेमेंट नहीं हो सकती। दुकान से खाने का सामान लाना हो या फिर टैक्सी से जाना हो, पेमेंट तभी हो पाएगी स्टूडेंट के पास कनाडाई बैंक अकाउंट हो।
कनाडा में बैंक अकाउंट खुलवाने के लिए कम से कम दो पहचान पत्र की जरूरत पड़ती है। दोनों पर ही नाम और एड्रेस एक जैसा होना चाहिए। सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि डेट ऑफ बर्थ की डिटेल्स होना भी जरूरी है। बैंक अकाउंट खुलवाने के लिए पासपोर्ट, एडमिशन ऑफर लैटर, स्टडी परमिट, कनाडाई ड्राइविंग लाइसेंस, लीज एग्रीमेंट, कॉलेज से मिली स्टूडेंट आईडी जैसे डॉक्यूमेंट्स की जरूरत पड़ती है।
एक बार बैंक अकाउंट खुलवाने के लिए सारे डॉक्यूमेंट्स मिल जाते हैं, तो अगला कदम सही बैंक चुनने का होता है। यहां पर कई सारे बैंक हैं, जहां अकाउंट खुलवाने के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट्स की लिस्ट और शर्तों के बारे में उनकी वेबसाइट पर डिटेल्स मिल जाती हैं। बैंक ऑफ मॉन्टि्रयल, कैनेडियन इंपीरियल बैंक ऑफ कॉमर्स, रॉयल बैंक ऑफ कनाडा और टोरंटो-डोमिनियन कनाडा ट्रस्ट यहां के कुछ पॉपुलर बैंक हैं।













