ब्लिट्ज ब्यूरो
काराकास। वेनेजुएला में बुधवार को आए भयावह भूकंप में हजारों लोगों के मरने की आशंका जताई जा रही है। बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हजारों लोगों को मलबे से बाहर निकाला गया है।
इस दक्षिण अमेरिकी देश में आए दो भूकंप में अब तक 235 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी जबकि 4300 से ज्यादा लोग घायल हैं। वेनेजुएला में 25 जून को साल 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था। इसलिए ज्यादातर लोग घरों में थे और फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहे थे। इससे मलबे में दबने वालों की संख्या ज्यादा होने की आशंका है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मलबे के अंदर से आवाजें आ रही हैं। सरकार ने देर रात बताया कि 39 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। भूकंप की भयावहता की असल तस्वीर अभी आनी बाकी है। दोनों भूकंप राजधानी कराकस से करीब 290 किलोमीटर पश्चिम में आए। इससे कई शहरों में इमारतें गिर गईं ंया खतरनाक तरीके से झुक गईं ं। कराकस एयरपोर्ट की छत का कुछ हिस्सा गिर गया। इससे धूल का गुबार उठता दिखाई दिया। कई देशों से रेस्क्यू टीमें वेनेजुएला भेजी गई हैं। इनमें अल सल्वाडोर, चिली, इक्वाडोर और अमेरिका की टीमें मुख्य रूप से शामिल हैं।
अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप से 10 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की 44% आशंका है। वहीं, एक लाख लोगों के जान गंवाने की भी 30% आशंका है।
इस आपदा से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को 9.5 लाख करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने आपातकाल लगा दिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप से हुई तबाही से बहुत दुख हुआ है। भारत के लोगों की तरफ से मैं वेनेजुएला की सरकार और वहां के लोगों के प्रति, और खासकर उन परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करते हैं और इस मुश्किल समय में प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत हर संभव मदद देने के लिए तैयार है।
ट्रंप ने भी किया मदद का वादा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विनाशकारी भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी मदद की पेशकश की। ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, “वेनेजुएला में शक्तिशाली भूकंप का झटका आया है। इससे बहुत बड़ी संख्या में मौतें हुई हैं।
अमेरिका मदद के लिए तैयार और इच्छुक है। मैंने अपनी सरकार की सभी एजेंसियों को तेजी से काम करने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया है। हम अपने नए और महान दोस्तों के साथ खड़े रहेंगे। शुरुआती रिपोर्ट अच्छी नहीं हैं।
अमेरिका ने शुरू किया मदद का काम
अमेरिका ने वेनेजुएला के लिए आपातकालीन मदद जुटाना शुरू कर दिया है। विदेशी सहायता के लिए अंडर सेक्रेटरी जेरेमी लेविन ने कहा वेनेजुएला के लोगों तक जरूरी मदद पहुंचाने और उसका तालमेल बिठाने के लिए पहले ही एक आपदा सहायता टीम और टास्क फोर्स को काम पर लगा दिया है।
वेनेजुएला की अंतरिम सरकार में अपने सहयोगियों के साथ मिलकर, अमेरिका इस दुखद प्राकृतिक आपदा के बाद शुरुआती अहम दिनों में खोज और बचाव दल, चिकित्सा और मानवीय सहायता का सामान और अन्य संसाधन भेजेगा।













