ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर 8 जून को अब तक की सबसे अधिक डेली राइडरशिप रिकॉर्ड की गई। लगभग 1,25,500 यात्रियों के साथ यह पूरे कॉरिडोर पर एक दिन में अब तक दर्ज की गई यात्रियों की सबसे अधिक संख्या है। आम दिनों में औसतन लगभग 1 लाख यात्री रोज नमो भारत सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं।
बड़े बदलाव का संकेत
यह उपलब्धि एनसीआर में लोगों के यात्रा करने के तरीके में आ रहे बड़े बदलाव को दिखाती है जहां यात्री अब तेज, समयबद्ध और विश्वसनीय सार्वजनिक परिवहन के रूप में नमो भारत को चुन रहे हैं। नमो भारत की ओर से यात्रा समय में होने वाली उल्लेखनीय कमी इसकी बढ़ती लोकप्रियता का प्रमुख कारण है। रोजाना कार्यालय आने-जाने वाले, विद्यार्थी और अन्य नियमित यात्री, जिनके लिए समय पर पहुंचना और विश्वसनीयता एक जरूरत है, अपनी दैनिक यात्रा के लिए नमो भारत को प्राथमिकता दे रहे हैं। ट्रेनों के संचालन में लगभग 99% समयबद्धता के कारण यात्री अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने के लिए इस प्रणाली पर भरोसा कर रहे हैं और उन्हें सड़कों पर लगने वाले जाम और यात्रा की अनिश्चितता से राहत भी मिल रही है।
मिल रही है जबरदस्त कनेक्टिविटी
दिल्ली में सराय काले खां, न्यू अशोक नगर और आनंद विहार व उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद और बेगमपुल कॉरिडोर पर सबसे व्यस्त स्टेशनों की सूची में लगातार बने हुए हैं।
ये सभी स्टेशन सार्वजनिक परिवहन के अन्य साधनों जिनमें मेट्रो, भारतीय रेलवे, आईएसबीटी और सिटी बसें शामिल हैं, के साथ निर्बाध कनेक्टिविटी प्रदान करते हैं। ये स्टेशन सम्मिलित रूप से कॉरिडोर की कुल राइडरशिप में लगभग 40 प्रतिशत से अधिक का योगदान दे रहे हैं।
आसान हुआ सफर
वहीं, मेरठ में नमो भारत के इसी इंफ्रास्ट्रक्चर पर परिचालित हो रही स्थानीय मेरठ मेट्रो सेवाओं ने शहर के भीतर यात्रा को भी अधिक सुगम बना दिया है। इससे यात्रियों को एक ही कॉरिडोर पर रीजनल और स्थानीय, दोनों प्रकार की निर्बाध यात्रा सुविधा उपलब्ध हो रही है, जो इस परियोजना की एक खास खूबी है।
ईंन्धन की बढ़ती कीमतों के बीच किफायती विकल्प
दिल्ली-एनसीआर में वर्तमान में 40-45 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी के बीच पूरी तरह वातानुकूलित नमो भारत ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक और सुरक्षित यात्रा का अनुभव भी प्रदान कर रही हैं। ईंन्धन की बढ़ती कीमतों के बीच यह प्रणाली न केवल एक किफायती विकल्प के रूप में उभर रही है, बल्कि निजी वाहनों के स्थान पर अधिक कुशल एवं पर्यावरण-अनुकूल सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए भी लोगों को प्रोत्साहित कर रही है।
बढ़ाई गई ट्रिप्स
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए एनसीआरटीसी ने हाल ही में दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर पीक आवर्स के दौरान 18 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप्स शुरू की हैं। सुबह 7 बजे से 11:30 बजे तक और शाम 5 बजे से 8:30 बजे तक सराय काले खां से मेरठ साउथ स्टेशन के बीच ये अतिरिक्त सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सार्वजनिक परिवहन के अधिक इस्तेमाल की अपील की गई थी। यह पहल उसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। राइडरशिप में लगातार हो रही बढ़ोतरी इस बात का संकेत है कि नमो भारत अब केवल एक परिवहन विकल्प नहीं रह गया है, बल्कि बड़ी संख्या में यात्रियों के दैनिक जीवन का एक भरोसेमंद हिस्सा बनता जा रहा है।













