ब्लिट्ज ब्यूरो
अयोध्या। भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे अयोध्या में रामलला के दर्शन करने अपनी पत्नी के साथ अयोध्या पहुंचे। वह पहले विदेशी पीएम हैं जो राम मंदिर आए हैं। वह अन्य मंदिरों में भी गए। वे करीब दो घंटे राम मंदिर परिसर में रहे। राम मंदिर के अंतिम चरण में चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। मंदिर के बारे में जानकारी भी हासिल की।
लगभग चार घंटे के प्रवास में उन्होंने राम मंदिर, हनुमानगढ़ी और अन्य प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। उनके सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन किया गया जिसमें प्रदेश के मंत्री भी शामिल हुए। दर्शन-पूजन के बाद शेरिंग तोबगे दोपहर लगभग 1:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जिला प्रशासन के अधिकारियोंने ने भूटानी पीएम का एयरपोर्ट पर स्वागत किया। पूरे दौरे के दौरान कई सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर रहीं। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी दौरे की निगरानी की।
देखते ही बनती है भव्य श्रीराम मंदिर की सुंदरता
अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में नवनिर्मित श्रीराम जन्मभूमि पर बने भव्य मंदिर की सुंदरता देखते ही बन रही है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से मंदिर की नई तस्वीर जारी की गई। इस पर खूब चर्चा हो रही है। इस तस्वीर के साथ वाल्मीकि रामयण की एक पंक्ति लिखी गई है। लिखा गया है- ‘ततोऽद्रिकूटाचलमेघसन्निभं। महाविमानोपमवेश्मसंयुतम ्।।’ इसका अर्थ है कि श्रीराम का महल ऐसे प्रतीत हो रहा था, मानो बादलों से ढका हुआ पर्वत शिखर हो और रमणीय प्रासादों से अलंकृत कोई विशाल विमान। राम मंदिर की ताजा तस्वीर वाल्मीकि रामायण की इस पंक्ति को पूरी तरह से सार्थक करती दिखती है।
मंदिर का दिखा भव्य नजारा
राम मंदिर अयोध्या अब अपने पूर्ण स्वरूप में दिख रहा है। मंदिर का गुंबद निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। गर्भगृह के ऊपर स्वर्ण मंडित शिखर आभा बिखेरता दिख रहा है। बादलों से ढके आकाश को छूता हुआ सा यह प्रतीत होता है। साथ ही, मंदिर के पहली और दूसरी मंजिल के छोटे-छोटे गुबंद प्रासादों का आभास दे रहे हैं। मंदिर की चमकदार संरचना किसी को भी अपनी तरफ मोहित कर सकती है। राम मंदिर में दर्शन पास की भी व्यवस्था बदलाव किया गया है। इसका फायदा अयोध्या के लोगों को मिलेगा।