ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। ब्रिटेन के किंग चार्ल्स-3 होलिस्टिक हीलिंग के लिए गुप्त तरीके से भारत के निजी दौरे पर हैं। सूत्रों के अनुसार वे पत्नी कैमिला के साथ भारत पहुंचे हैं। राजशाही संभालने के बाद ये उनका पहला दौरा है।
प्रिंस ऑफ वेल्स के तौर पर वे सबसे अधिक भारत दौरे पर आए हैं। भारत मेडिकल पर्यटन का बड़ा केंद्र बन रहा। विदेशी लोग एलोपैथी से लेकर आयुर्वेदिक उपचार के लिए लगातार भारत आ रहे हैं। भारत सरकार देश को मेडिकल पर्यटन का हब बनाने की तैयारी में है।
नौ बार सौक्या पहुंचे प्रिंस
जानकारी के अनुसार प्रिंस चार्ल्स होलिस्टिक हीलिंग के लिए बेंगलुरु के व्हाइट फील्ड स्थित सौक्या होलिस्टिक हिलिंग केंद्र में नौ बार आ चुके हैं। चार्ल्स ने यहां अपना 75वां जन्मदिन भी मनाया, हालांकि उनका जन्मदिन 14 नवंबर को है।
– 13 अरब डॉलर का राजस्व इस क्षेत्र से बीते चार साल में आया
सादगी के साथ भारत पहुंचे
किंग चार्ल्स का दौरा सादगी से भरा है। एयरपोर्ट से लेकर हीलिंग केंद्र तक पहुंचने के लिए कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गई थी। सादगी के साथ वे एयरपोर्ट से स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और किसी को उनके आवागमन की भनक तक नहीं लगी।
क्या है होलिस्टिक हिलिंग
होलिस्टिक हीलिंग जीवनशैली बदलने की प्रक्रिया है। पूरा उपचार मन और शरीर के संगम से होता है। इसमें शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, भावनाएं और धार्मिक विश्वास पर ध्यान दिया जाता है। योग, मेडिटेशन से मन और शरीर को ऊर्जावान बनाते हैं।