ब्लिट्ज ब्यूरो
नागपुर। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनावों की घोषणा से पहले कांग्रेस ने उद्धव ठाकरे और शरद पवार को बड़ा झटका दिया है। महा विकास अघाड़ी की हिस्सेदार कांग्रेस ने एलान किया है कि पार्टी बीएमसी अकेले चुनाव लड़ेगी। यह घोषणा कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने की है, जिसके बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कहा जा रहा है कि उद्धव ठाकरे की शिवसेना का एक धड़ा भी यही चाहता था।
विजय वडेट्टीवार नागपुर में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘हमारे स्थानीय नेताओं ने अकेले चलने के लिए आग्रह किया है। इस स्थिति में हाईकमान से बात की गई। हाईकमान का कहना है कि लोकल लेवल पर स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए फैसला लें। मुंबई के लेवल पर वही निर्णय हुआ है और अकेले चुनाव लड़ा जाएगा।’
क्या बोले विजय
सीटों के बंटवारे पर बातचीत का कोई सवाल ही नहीं है। अगर नासिक में कांग्रेस इकाई ने मनसे के साथ गठबंधन करने का फैसला किया है, तो यह सिर्फ़ नासिक के लिए है। उन्होंने स्थानीय राजनीतिक परिस्थितियों के आधार पर ही यह फैसला लिया होगा। मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई समस्या होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि वंचित बहुजन अघाड़ी या बसपा जैसी गैर-महा विकास अघाड़ी पार्टियों के साथ गठबंधन पर बाद में विचार किया जा सकता है।
एमवीए में बढ़ी टेंशन
कांग्रेस के इस निर्णय से महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन के भविष्य को लेकर चिताएं बढ़ गई हैं। महा विकास अघाड़ी गठबंधन में कांग्रेस के साथ उद्धव ठाकरे की शिवसेना, शरद पवार की एनसीपी भी शामिल हैं। इसके अलावा राज ठाकरे के महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के भी साथ आने की अटकलें हैं। हालांकि, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव कार्यक्रम की अभी घोषणा नहीं हुई है।
मुंबई में वर्षा गायकवाड़ एक्टिव
कांग्रेस की मुंबई नगर यूनिट ने बताया कि चुनाव में उम्मीदवारी के लिए एक हजार से अधिक आवेदन आए हैं। नगर निगम चुनाव की पृष्ठभूमि में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष सांसद वर्षा गायकवाड़ की अध्यक्षता में तैयारियां चल रही हैं और 227 वार्डों के लिए प्रभारी नियुक्त किए गए। सांसद सुरेशचंद्र राजहंस ने भी कहा कि वर्षा गायकवाड़ के नेतृत्व में सभी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारी कर रहे हैं। वडेट्टीवार के बयान पर महाराष्ट्र कांग्रेस प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि यह पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं है।































