ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। महाराष्ट्र में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। साल 2024 में सिर्फ मुंबई में 1 लाख 28 हजार से अधिक लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा, जिससे नागरिकों की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। यह जानकारी राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को विधान परिषद में लिखित जवाब के माध्यम से दी।
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक यह सवाल विधान परिषद सदस्य सुनील शिंदे, वसंत खंडेलवाल, संदीप जोशी समेत अन्य सदस्यों द्वारा उठाया गया था। विधायकों ने मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) सीमा क्षेत्र और नागपुर में बढ़ते आवारा कुत्तों के आतंक पर चिंता जताई थी।
डिप्टी सीएम शिंदे ने बताया कि 2024 में नागपुर नगर निगम क्षेत्र में 9,427 लोगों को आवारा कुत्तों ने काटा, जबकि मुंबई में यह संख्या 1,28,252 तक पहुंच गई। उन्होंने कहा कि ये आंकड़े बेहद चिंताजनक हैं और राज्य सरकार इस समस्या को गंभीरता से ले रही है।































