ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार वायु प्रदूषण को कम करने और राजधानी की हवा को शुद्ध बनाने के लिए निरंतर और प्रभावी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने बताया कि राजधानी में पुराने और भारी एंटी-स्मॉग गन की जगह अब मिस्ट स्प्रे सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं। यह नई तकनीक हल्की, पर्यावरण-अनुकूल और प्रभावी है, जो हवा में फैलती धूल और प्रदूषक कणों को कम करती है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राजधानी में 148 बड़े कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, मॉल, होटल और ऑफिस भवनों में अब तक एंटी-स्मॉग गनें लगी थीं, जो केवल एक दिशा में काम करती थीं और बहुत पानी खपत करती थीं। मिस्ट स्प्रे सिस्टम इनकी जगह लेकर हवा में घुलते प्रदूषण कणों को नियंत्रित करने में अधिक प्रभावी साबित होंगे। मिस्ट स्प्रे सिस्टम कई दिशाओं में जल का छिड़काव करता है, कम पानी की खपत करता है और आस-पड़ोस की हरियाली के लिए भी लाभकारी है।

























