ब्लिट्ज ब्यूरो
वाशिंगटन। भारतीय मूल की नासा की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स ने भारत को महान देश बताया है। उन्होंने भारत से जुड़ी अपनी यादों का भी जिक्र किया। दरअसल, सुनीता विलियम्स मीडिया से रूबरू हुईं ं। इस दौरान ज्यादातर भारत से जुड़े सवाल ही उनसे पूछे गए। उनसे पूछा गया कि अंतरिक्ष से भारत कैसा दिखता है। उन्होंने कहा कि भारत एक महान देश है। यह रोशनी के नेटवर्क जैसा दिखता है। गुजरात, महाराष्ट्र से लेकर सभी छोटे-बड़े शहर और समुद्र… यह अद्भुत है।
उन्होंने कहा, ‘भारत अद्भुत है। हर बार जब हम हिमालय के ऊपर से गुजरे और मैं आपको बताऊं, बुच ने हिमालय की कुछ अविश्वसनीय तस्वीरें लीं। बस अद्भुत।’ उनसे भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के साथ उनके सहयोग की संभावना के बारे में पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि जरूर। हम हर जरूरी मदद करेंगे।
संवाददाता सम्मेलन में उन्होंने अपनी संभावित भारत यात्रा पर भी बात की। उन्होंने कहा, ‘मुझे पूरी उम्मीद है कि मैं अपने पिता के देश जाऊंगी। वहां मैं एक्सिओम मिशन पर जाने वाले भारतीय नागरिकों से भी मुलाकात करूंगी। मैं उनसे कभी न कभी जरूर मिलूंगी। हम उनके साथ अपने अनुभव साझा करेंगे। भारत एक महान देश है। वहां एक शानदार लोकतंत्र है। भारत ने अंतरिक्ष जगत में अपने कदम जमा लिए हैं। हम इसका हिस्सा बनने और उनकी मदद करने में जरा भी नहीं हिचकिचाएंगे।’ हालांकि, सुनीता विलियम्स की भारत यात्रा की तारीख अब तक तय नहीं हुई है।