ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट यूजी 2025 का रिजल्ट आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया है। नतीजों के साथ टॉपर्स की सूची भी जारी कर दी गई है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार अब अपना स्कोरकार्ड neet.nta.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। इस साल नीट यूजी में करीब 20.8 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था।
इस साल राजस्थान के महेश कुमार ने ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक हासिल कर नीट यूजी 2025 के टॉपर बनने का गौरव प्राप्त किया है। वहीं, मध्य प्रदेश के उत्कर्ष अवधिया को दूसरा स्थान और महाराष्ट्र के कृषांग जोशी को तीसरी रैंक मिली है। लड़कियों में अविका अग्रवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सबसे ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं और देशभर में अव्वल रहीं। टॉपर्स की इस सूची में दिल्ली, गुजरात और महाराष्ट्र के कई छात्रों ने भी जगह बनाई है।
कैटेगरी वाइज कटऑफ मार्क्स
नीट यूजी 2025 के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सभी श्रेणियों के लिए कटऑफ स्कोर जारी कर दिए हैं। इस वर्ष सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए कटऑफ स्कोर 686 से 144 के बीच तय किया गया है। वहीं, सामान्य / ईडब्ल्यूएस – पीडब्ल्यूडी (दिव्यांग) वर्ग के उम्मीदवारों के लिए यह कटऑफ 143 से 127 के बीच रहा। इसके अलावा ओबीसी, एससी और एसटी श्रेणियों के लिए नीट यूजी 2025 का कटऑफ स्कोर 143 से 113 के बीच निर्धारित किया गया है।
टॉप-10 उम्मीदवारों की सूची
रैंक अभ्यर्थी का नाम परसेंटाइल राज्य
1. महेश कुमार 99.9999547 राजस्थान
2. उत्कर्ष अवधिया 99.9999095 मध्य प्रदेश
3. कृषांग जोशी 99.9998189 महाराष्ट्र
4. मृणाल किशोर झा 99.9998189 दिल्ली (एनसीटी)
5. अविका अग्रवाल 99.9996832 दिल्ली (एनसीटी)
6. जेनिल विनोदभाई भायानी 99.9996832 गुजरात
7. केशव मित्तल 99.9996832 दिल्ली (एनसीटी)
8. झा भाव्या चिराग 99.9996832 महाराष्ट्र
9. हर्ष केदावत 99.9995474 दिल्ली (एनसीटी)
10. आरव अग्रवाल 99.9995474 महाराष्ट्र