ब्लिट्ज ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक के अहम रूट पर मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट को मंजूरी आखिरकार मिल गई है। इस पर लंबे समय से चर्चा चल रही थी। इस रूट पर मेट्रो के चालू होने से ग्रेटर नोएडा से नोएडा और दिल्ली तक का सफर आसान हो जाएगा।
प्रस्तावित मेट्रो रूट ग्रेटर नोएडा सेक्टर 51 स्थित डिपो से शुरू होकर जुनपत होते हुए बोड़ाकी तक जाएगा। इसकी कुल लंबाई 2.6 किलोमीटर होगी। इस पर दो स्टेशनों जुनपत और बोड़ाकी का निर्माण कराया जाएगा। बोड़ाकी स्टेशन को एक बड़े मल्टीमॉडल ट्रांसपोर्ट हब के रूप में विकसित किया जाएगा। वहां ट्रेन, मेट्रो, अंतरराज्यीय बस अड्डा, होटल और स्थानीय परिवहन की सुविधाएं मौजूद होंगी।
इस रूट के निर्माण पर करीब 416 करोड़ रुपये खर्च का अनुमान है। परियोजना की लागत 500 करोड़ रुपये से कम है, इसलिए इसे कैबिनेट की मंजूरी की जरूरत नहीं है। इससे प्रोजेक्ट पर काम जल्द शुरू होने की संभावना है। इसके लिए अब रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल यानी आरएफपी जारी किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा डिपो से बोड़ाकी तक केंद्र सरकार की ओर से मेट्रो परियोजना के विस्तार को लेकर डेडलाइन तय की गई है। 2031 तक इस रूट पर मेट्रो के दौड़ाने का दावा किया गया है।































