ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। बीएमसी चुनाव से पहले या उसके तुरंत बाद मुंबईकरों को 2 मेट्रो का तोहफा मिल सकता है। मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने मेट्रो-2बी और मेट्रो-9 के पहले फेज के तहत मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। आचार संहिता को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण मेट्रो की दोनों लाइनों पर सेवा शुरू करने की योजना पर काम कर रहा है।
मेट्रो-2 बी के पहले फेज को करीब एक महीने पहले ही रेलवे मेट्रो सेफ्टी बोर्ड का सर्टिफिकेट मिल चुका है, जबकि मेट्रो 9 की सीएमआरएस जांच की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस सप्ताह में मेट्रो-9 के पहले फेज को सीएमआरएस का सर्टिफिकेट मिलने की उम्मीद है। एमएमआरडीए के एक अधिकारी ने बताया, मेट्रो की इस लाइन को ओपन करने की तैयारी काफी पहले से चल रही है। इसके लिए चुनाव आयोग से परमिशन लेनी होगी, क्योंकि चुनाव आचार संहिता लागू है। यदि परमिशन मिल गई, तो 15 जनवरी तक कभी भी दोनों लाइनों के पहले फेज को यात्रियों के लिए शुरू कर दिया जाएगा।
कहां से कहां तक चलेगी मेट्रो
मंडाले से डायमंड गार्डन मेट्रो-2बी के पहले फेज के तहत मंडाले से डायमंड गार्डन (चेबूर) के मार्ग को नवंबर में ही सीएमआरएस का सर्टिफिकेट मिल चुका है, लेकिन मेट्रो के तैयार 5.6 किमी के मार्ग के उद्घाटन के लिए बड़े नेताओं का समय नहीं मिलने के कारण मेट्रो-2बी के द्वार आम जनता के लिए नहीं खुल पाए है। मेट्रो-2बी के तहत डीएन नगर से मंडाले के बीच 23.6 किमी लंबा मेट्रो मार्ग तैयार किया गया है।
दहिसर (पूर्व) से काशीगांव
मेट्रो-9 कॉरिडोर के पहले फेज के तहत 4.973 किमी के मार्ग पर मेट्रो का संचालन शुरू करने के लिए सीएमआरएस जांच की प्रक्रिया पूरी हो गई है। कुछ दिन में दहिसर (पूर्व) से काशीगांव मेट्रो स्टेशन के बीच के मार्ग को सीएमआरएस का सर्टिफिकेट मिलने की उम्मीद है। दहिसर (पूर्व) से मीरा भाईदर के बीच 13.5 किमी के मार्ग पर मेट्रो-9 का निर्माण कार्य जारी है।

























