विनोद शील
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो दिवसीय इजरायल यात्रा पर पूरी दुनिया की नजर रही क्योंकि पीएम मोदी इस बार ऐसे समय में तेल अवीव गए जब जियोपॉलिटिक्स में बहुत ही तेज और दूरगामी बदलाव होते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उन्होंने 24 घंटे से कुछ ही ज्यादा समय तेल अवीव और यरुशलम में बिताया। नौ साल बाद हुई पीएम मोदी की यह इजरायल यात्रा दुनिया भर की जियोपॉलिटिक्स को प्रभावित कर सकती है।
पीएम मोदी का यह दौरा द्विपक्षीय संबंधों के लिए तो मायने रखता ही है किंतु मोदी के पहुंचने से पहले ही इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने जो कुछ प्लान बनाया, उसका मतलब उससे भी कहीं ज्यादा बड़ा प्रतीत हो रहा है। खास बात ये है कि इन दोनों देशों की रणनीतिक कोशिशों में कहीं न कहीं अमेरिका की भी भूमिका नजर आई है।
यही नहीं; प्रधानमंत्री मोदी की इजरायल यात्रा के दौरान कूटनीति का एक बेहद दिलचस्प चेहरा भी सामने आया जब इजरायली पीएम नेतन्याहू भारतीय पोशाक पहनकर सामने आए। नेतन्याहू का भारतीय रूप देख कर तो हर कोई दंग रह गया। पीएम मोदी के लिए भी शायद यह एक बड़ा सरप्राइज रहा।
यरुशलम में दोनों नेताओं के लिए आयोजित डिनर से ठीक पहले इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू पारंपरिक भारतीय पहनावे में नजर आए। यह पल न केवल कूटनीतिक लिहाज से बड़ा था बल्कि इसने दोनों नेताओं के बीच की गहरी व्यक्तिगत दोस्ती को भी दुनिया के सामने जाहिर किया।
बेंजामिन नेतन्याहू ने इस मौके के लिए खास तौर पर पत्थर के रंग की जैकेट को चुना जिसे आजकल ‘मोदी जैकेट’ के नाम से भी जाना जाता है। इस फिटेड जैकेट के साथ उन्होंने सफेद रंग का कुर्ता- स्टाइल शर्ट पहनी थी। नीचे गहरे नीले रंग की फॉर्मल पैंट और काले जूतों के साथ उनका यह लुक बिल्कुल भारतीय रंग में रंगा नजर आया।

बेंजामिन नेतन्याहू ने शेयर किया वीडियो
नेतन्याहू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी की प्रतिक्रिया के साथ तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने लिखा,“हमारे साझा रात्रिभोज से पहले मैंने पारंपरिक भारतीय पोशाक पहनकर अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को आश्चर्यचकित कर दिया।”
मोदी एशिया के शेर ः नेतन्याहू
इजरायली संसद में नेतन्याहू ने अपने संबोधन में पीएम मोदी को दोस्त से बढ़कर एक भाई की तरह बताया। उन्होंने पीएम मोदी को एशिया का शेर बताते हुए उनके गले लगाने के तौर-तरीके की तारीफ करते हुए कहा कि इसने भारत-इजरायल संबंधों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इजरायली सांसदों में पीएम मोदी से हाथ मिलाने की होड़ नजर आई।
- -भारतीय पोशाक में दिखे पीएम नेतन्याहू
- – पीएम मोदी नेसेट के स्पीकर पदक से सम्मानित
- -आधुनिक तकनीक, नवाचार और रक्षा संबंधों पर चर्चा
- -दोनों नेताओं के बीच दिखी आत्मीयता
टाइम टेस्टेड सहयोग विशेष रणनीतिक साझेदारी में बदला ः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार 26 फरवरी को घोषणा की कि भारत और इजरायल अपने संबंधों को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने पर सहमत हो गए हैं। दोनों पक्षों ने महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों और रक्षा सहित प्रमुख क्षेत्रों में समझौतों को अंतिम रूप दिया है।
भारत लौटते समय पीएम मोदी को विदा करने के लिए इजरायली पीएम नेतन्याहू और उनकी पत्नी एयरपोर्ट आए थे। दोनों नेताओं के बीच दिखी आत्मीयता और कार के भीतर की उनकी तस्वीरों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोरी। महज 27 घंटे के इस दौरे में भारत और इजरायल के बीच 27 अहम समझौतों पर सहमति बनी जिसने द्विपक्षीय रिश्तों को स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप के नए स्तर पर पहुंचा दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-इजरायल संबंध गहरे विश्वास, साझा लोकतांत्रिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं की मजबूत नींव पर बने हैं। उन्होंने कहा, “हमारे संबंध समय की कसौटी पर खरे उतरे हैं। आज हमने अपनी इस सिद्ध साझेदारी को विशेष रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक बढ़ाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।”

























