ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। मुंबई में घर खरीदने की राह आसान होगी। राज्य के सामाजिक न्याय मंत्री और सिडको के चेयरमैन संजय शिरसाट ने घर खरीदने की शर्तों में बदलाव करने के संकेत दिए हैं। अगर ऐसा हुआ तो सिडको के घरों की कीमतें भी कम होंगी और जिनके पास घर हैं, वे भी घर खरीदने के लिए पात्र हो जाएंगे। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के नेता संजय शिरसाट ने कहा है कि घरों के लिए कई कठिन शर्तों में ढील देने पर विचार कर रहे हैं। इसमें एक मकान होने पर भी दूसरा मकान खरीदने की शर्त को हटाने का विषय भी शामिल है।
शिरसाट ने कहा कि जल्द ही बोर्ड बैठक में निर्णय लिया जाएगा। शिरसाट महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) पश्चिम से विधायक हैं। सिडको के घरों की कीमतें अधिक होने पर सोशल मीडिया पर आलोचना भी सामने आई थी।
क्या बोले संजय शिरसाट
संजय शिरसाट ने कहा कि खारघर में मकानों की कीमत अधिक है। कुछ स्थानों पर सिडको मकानों की कीमतें कम की जानी चाहिए। इससे सिडको को थोड़ा नुकसान होगा, लेकिन आम लोगों को कर्ज लेने में दिक्क त नहीं होगी। हम अगली बोर्ड बैठक में दरों के बारे में अच्छा निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि सिडको के घर खरीदते समय कई शर्तें होती हैं। ऐसी ही एक शर्त है कि अगर किसी के पास पहले से ही एक घर है, तो वह दूसरा घर नहीं खरीद सकता?
शर्तों में ढील की आवश्यकता
शिरसाट ने कहा कि परिवार बढ़ रहा है इसलिए बेटे को मकान का मालिक बनने से रोकने वाली शर्तों में ढील दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निवास प्रमाण पत्र के लिए शर्त यह है कि व्यक्ति 15 वर्षों से वहां का निवासी हो, उसके पास वोटर कार्ड और आधार कार्ड हो और वह यहीं स्कूल गया हो। ऐसी नीति होनी चाहिए जिससे कोई भी अपना घर खरीद सके। शिरसाट ने कहा कि वे उन शर्तों में भी ढील देने का प्रयास करेंगे। सिडको ने विभिन्न नो में विभिन्न आवास परियोजनाओं में 26,000 घरों की कीमतों की घोषणा की थी। अभी तक 26 हजार घरों के लिए मात्र 55 हजार आवेदक मिले हैं। घरों की कीमत 25 लाख से 97 लाख तक है।
जल्द निकलेगा घरों का ड्रा
सिडको ने माई चॉइस सिडको हाउस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और निम्न आय वर्ग के लिए 26,000 घरों की योजना की घोषणा की थी। इसके तहत सिडको ने तलोजा, खारघर, बामणडोंगरी, खारकोपर, कलंबोली, पनवेल और वाशी में आवास परियोजनाएं विकसित की हैं। इस योजना में नवी मुंबई के प्रमुख क्षेत्रों में बेचे जाने वाले 26,000 घरों के लिए केवल 55,000 आवेदक ही पात्र साबित हुए हैं। पता हो कि आवास लॉटरी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 10 जनवरी को समाप्त हो गई है। सिडको की तरफ से जल्द ही घरों का आवंटन किया जा सकता है।