ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। नए साल में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कई परियोजनाएं पूरी होने से लोगों का जीवन आसान होगा। एक हाईवे देहरादून तक का सफर सुहाना बनाएगा, तो एक एक्सप्रेसवे का नौ किलोमीटर हिस्सा पूरा होने से दक्षिणी दिल्ली, मध्य दिल्ली और यमुनापार के लोगों के लिए जयपुर व मुंबई तक की सड़क यात्रा आधे समय में पूरी करेगी। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा पर भी ध्यान दिया गया है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से मिलेगी सुविधाः दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का डीएनडी से मीठापुर तक नौ किलोमीटर का महत्वपूर्ण खंड जून 2026 तक पूरी तरह से तैयार हो जाएगा। इस नए खंड के खुलने से नोएडा, नई दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और दक्षिणी दिल्ली के लोगों को सबसे ज्यादा लाभ मिलेगा। यात्रियों के लिए यह बड़ी सुविधा साबित होगी, क्योंकि वे इस एक्सप्रेसवे के माध्यम से बांदीकुई-जयपुर लिंक के जरिए केवल तीन घंटे में जयपुर पहुंच सकते हैं। इसका मुंबई तक बाकी हिस्सा भी वर्ष 2026 के मध्य तक पूरा होगा।
इसके बाद मात्र 12 घंटे में मुंबई पहुंच सकेंगे। मीठापुर चौक पर एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पहले ही तैयार हैं।
देहरादून तक ढाई घंटे में पहुंचेंगे
दिल्ली-देहरादून हाईवे को जनवरी में खोलने की तैयारी है। 210 किलोमीटर लंबा यह हाईवे अक्षरधाम मंदिर के पास एनएच-नौ से शुरूहोकर लोनी, बागपत, करौंदा (मुजफ्फरनगर), शामली व सहारनपुर से होते हुए देहरादून तक बना है। वर्तमान में दिल्ली से देहरादून पहुंचने में छह घंटे लगते हैं। इस हाईवे के खुलने से यात्रा का समय घटकर मात्र ढाई घंटे रह जाएगा। इससे यात्रियों के समय की बचत होगी ।
सुरक्षित सड़क पार करने की सुविधा
पैदल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) दो महत्वपूर्ण स्थानों पर फुटओवर ब्रिज का निर्माण करेगा। शास्त्री पार्क में आईटी पार्क के पास जीटी रोड पर 2.79 करोड़ रुपये की लागत से फुटओवर ब्रिज बनाया जाएगा। इससे लोगों को सहूलियत होगी।
उत्तम नगर में मनोरंजन केंद्र बनेगा अटल पार्क
उत्तम नगर में नजफगढ़ नाले के किनारे अटल गार्डन विकसित किया जा रहा है। इस परियोजना को सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग बना रहा है। यह पार्क लोगों के लिए मनोरंजन और दर्शनीय स्थल होने के साथ घनी आबादी वाले क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण में सहायक होगा।

























