ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में सरकारी टीचर बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दरअसल, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (यूपीएसएससी) राज्य में शिक्षकों की सबसे बड़ी भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में करीब 60,000 रिक्त शिक्षक पदों को भरा जा सकता है। बताया जा रहा है कि हाल ही में बेसिक शिक्षा विभाग ने खाली पदों का ब्यौरा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा है। प्रदेश के युवाओं को इस भर्ती का बेसब्री से इंतजार भी था।
आधिकारिक सूचना के मुताबिक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में खाली पड़े पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति के लिए तैयारियां चल रही हैं। इस भर्ती अभियान से सरकारी स्कूलों में लंबे समय से बनी हुई शिक्षकों की कमी को दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक शहरी क्षेत्रों के रिक्त पदों का ब्यौरा पहले ही आयोग को भेजा जा चुका है। अब अधिकारी ग्रामीण जिलों से भी इसी तरह की जानकारी एकत्र कर रहे हैं, जिसके बाद अंतिम आंकड़े आयोग को सौंपे जाएंगे।
कितने पद हैं खाली
वहीं, पिछली रिक्तियों को मिलाकर प्रदेश के स्कूलों में 60 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं। इनमें से शहरी स्कूलों में 11,508 शिक्षकों के पद भी शामिल हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में 48,000 से अधिक शिक्षक पद खाली हैं, जो कुल रिक्तियों का बड़ा हिस्सा है। इसकी जानकारी भी विभाग को भेजी जा रही है।
कब शुरू होगी प्रक्रिया?
बता दें कि उत्तर प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की आखिरी भर्ती साल 2018 में हुई थी। वहीं, शहरी क्षेत्रों में कई वर्षों से शिक्षक भर्ती नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं। अब सरकार इन रिक्त पदों को भरने की तैयारी कर रही है। बेसिक शिक्षा परिषद ने शहरी क्षेत्रों में खाली पदों का विवरण आयोग को भेज दिया है। हालांकि भर्ती प्रक्रिया तब आगे बढ़ेगी, जब संबंधित अधियाचन ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त होंगे। इसके बाद सभी रिक्तियों का पूरा ब्यौरा ऑनलाइन आयोग को भेजा जाएगा। आवश्यक जानकारी अपलोड होते ही भर्ती की अगली प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
कब जारी होगा नोटिफिकेशन
हालांकि अभी तक भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है, लेकिन चल रही तैयारियों को देखते हुए माना जा रहा है कि भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू हो सकती है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे पात्रता, आवेदन तिथि और चयन प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक घोषणाओं पर नजर बनाए रखें।













