ब्लिट्ज ब्यूरो
लखनऊ। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक नया कीर्तिमान बनाया है। वह राज्य के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने वाले पहले नेता बन गए हैं। उन्होंने पहले मुख्यमंत्री रहे पंडित गोविंद बल्लभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ा है।
योगी आदित्यनाथ अब तक 8 साल और 132 दिन का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं। गोविंद बल्लभ पंत का कुल कार्यकाल (स्वतंत्रता से पूर्व सहित) 8 साल और 127 दिन का रहा था। योगी आदित्यनाथ ने 19 मार्च, 2017 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। 2022 में वे लगातार दूसरी बार सीएम बने।
योगी आदित्यनाथ उत्तर प्रदेश के 22वें मुख्यमंत्री हैं। वे गोरखनाथ मठ के महंत भी हैं। वे पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने पूर्ण कार्यकाल के बाद दोबारा लगातार पद संभाला है। योगी आदित्यनाथ ने 1998 में 26 वर्ष की उम्र में गोरखपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर राजनीति में कदम रखा था। वे देश के सबसे युवा सांसदों में शामिल थे। वह लगातार पांच बार गोरखपुर से लोकसभा पहुंचे।
नोएडा न जाने वाली परंपरा को तोड़ा
योगी आदित्यनाथ का राजनीतिक सफर 1998 में शुरू हुआ। मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए योगी आदित्यनाथ ने कई भ्रांतियों को तोड़ा है। उनके सीएम बनने से पहले कहा जाता था कि जो मुख्यमंत्री नोएडा का दौरा करता है वह दोबारा मुख्यमंत्री नहीं बन पाता।
पहले की सरकारों में अगर नोएडा में किसी विकास परियोजना का शुभांरभ करना होता था तो लखनऊ में बैठकर ऑनलाइन कर दिया जाता था। योगी आदित्यनाथ ने इस परंपरा को तोड़ा और अब तक वे नोएडा का दौरा कई बार कर चुके हैं। पहले कार्यकाल के बाद अब लगातार उनका दूसरा कार्यकाल चल रहा है।
अब तक 8 साल 132 दिन का कार्यकाल पूरा कर चुके
2017 के बाद 2022 में लगातार दूसरी बार बने मुख्यमंत्री
पंडित गोविंद बल्लभ पंत का तोड़ा रिकॉर्ड































