ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। भारतवंशी उषा चिलुकुरी अमेरिका की सेकेंड लेडी बन गई हैं। अमेरिका के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति जेडी वेंस उन्हें अपनी आध्यात्मिक गुरु मानते हैं।
लगभग पचास साल पहले उषा के इंजीनियर पिता आंध्र प्रदेश से अमेरिका उच्च शिक्षा के लिए गए और वहीं बस गए। उषा का जन्म वहीं हुआ। येल यूनिवर्सिटी में लॉ की पढ़ाई के दौरान उषा की मुलाकात अमेरिका के जेडी वेंस से हुई और दोनों ने शादी कर ली। जेडी वेंस हाल ही में हुए चुनाव में अमेरिका के उपराष्ट्रपति चुने गए हैं।
जेडी ने अपनी किताब में इस बात का उल्लेख किया है कि कैसे उषा की वजह से उनकी रुचि हिन्दू अध्यात्म में हुई। उन्होंने अपनी पत्नी को अपना आध्यात्मिक गुरु माना है। जेडी मानते हैं कि उषा की वजह से वे शाकाहार से प्रभावित हुए। उषा ने अमेरिकी चुनाव के दौरान अपने पति को पूरा सहयोग दिया। इस बात को अमेरिका के नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी मानते हैं। उषा खुद पेशे से वकील हैं। इस समय वो पूरी तरह अपने पति की मदद कर रही है। जेडी का मानना है कि उषा से शादी के बाद उनमें स्थायित्व आया है, गुस्सा कम हुआ है और अपने अतीत की बुरी यादों से छुटकारा मिला है। जेडी का बचपन बहुत गरीबी में बीता था। उनके पिता कभी साथ नहीं रहे और नशे की आदी मां उनकी ठीक से परवरिश नहीं कर पाई। उषा ने अपने इंटरव्यू में कहा कि भले ही वो हिन्दुस्तान से दूर रहती हों, पर वहां का रहन-सहन उनका पूरा परिवार मानता है, उनकी परवरिश बिल्कुल एक हिन्दुस्तानी बच्चे की तरह हुई है, यही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है।













