ब्लिट्ज ब्यूरो
मुंबई। सुपरहिट मूवी ‘स्त्री 2’ की अभिनेत्री श्रद्धा कपूर करीब नौ करोड़, 43 लाख फालोअर्स के साथ इंस्टाग्राम पर दूसरी सबसे ज्यादा फॉलो की जाने वाली भारतीय हैं। बड़ी संख्या में फॉलोअर्स के साथ अपनी पोस्ट के साथ जिम्मेदारी का अहसास होना श्रद्धा जरूरी मानती हैं।
मेरा मानना है कि हमें तकनीक और सोशल मीडिया को जिम्मेदारी से इस्तेमाल करना चाहिए। मैं नहीं चाहती कि इंटरनेट मीडिया मेरी जिंदगी पर हावी हो जाए। मैं जब मन करता है तब पोस्ट करती हूं और यह कुछ ऐसा है, जो मैं लोगों को भी बताना चाहती हूं। मैं हर समय पोस्ट करने का दबाव महसूस नहीं करती। हमारी जिम्मेदारी है कि हम इंटरनेट मीडिया के दबाव, कंटेंट का उपभोग या निर्माण को अपनी जिंदगी पर हावी न होने दें।
अपने दिल की सुनें, अपनी जिंदगी को वास्तविकता में जिएं और दूसरे कामों को करने में भी समय लगाएं। जब आप अपने भीतर संतुलन बना लेंगे, तो आप शांत और सुकून महसूस करेंगे। आपका शरीर और दिमाग आपको बता देगा कि कब दबाव शुरू होता है और आप असहज महसूस करते हैं। आपको पता है कि आपको तब पीछे हटना होगा, इसलिए बस अपनी अंतरात्मा की सुनें। पिछले साल ‘स्त्री 2’ की सफलता के बाद श्रद्धा की किसी और फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।













