ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। जमशेदपुर के मित्रेश शर्मा ने कमाल की सफलता हासिल की है। उन्होंने 2017 में सिर्फ 1 लाख रुपये से ‘फर्स्ट बड ऑर्गेनिक्स’ की शुरुआत की थी। अपनी मां सरोज देवी शर्मा के साथ मिलकर उन्होंने यह वेंचर एक छोटे से कमरे से शुरू किया था। उनका लक्ष्य था कि खेतों से सीधे, बिना केमिकल वाले खाने को लोगों तक पहुंचाना। आज यह ब्रांड भारत के 500 से ज्यादा पिनकोड में मिलता है। अब मित्रेश दुबई और यूरोप में भी अपने प्रोडक्ट को भेजने की योजना बना रहे हैं। ‘फर्स्ट बड ऑर्गेनिक्स’ के संस्थापक शार्क टैंक इंडिया के सीजन 3 और सीजन 4, दोनों में दिखाई दिए। मित्रेश ऑर्गेनिक चाय, शहद, हल्दी और दूसरी चीजें किसानों से सीधे लेते हैं। फिर इन्हें घर-घर पहुंचाते हैं। आइए, यहां मित्रेश शर्मा की सफलता के सफर के बारे में जानते हैं।
मित्रेश शर्मा जमशेदपुर के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी मां सरोज देवी शर्मा के साथ मिलकर ‘फर्स्ट बड ऑर्गेनिक्स’ नाम से एक कंपनी शुरू की है। उन्होंने ‘शार्क टैंक’ में सबको प्रभावित किया। उनका स्टार्टअप ‘फर्स्ट बड ऑर्गेनिक्स’ लोगों को हेल्दी लाइफस्टाइल देने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। मित्रेश 100% ऑर्गेनिक उत्पाद बेचते हैं जो सीधे खेत से ग्राहकों तक पहुंचते हैं। उनका लक्ष्य है कि भारत में वह ऑर्गेनिक उत्पादों के सबसे बड़े विक्रेता बनें। वह मानते हैं कि उनकी कंपनी सिर्फ एक ब्रांड नहीं है, बल्कि एक आंदोलन है जो किसानों के साथ खड़ी है, टिकाऊ खेती का समर्थन करती है और प्रकृति की देन को सीधे आपके किचन तक पहुंचाती है।
‘फर्स्ट बड ऑर्गेनिक्स’ कई तरह के उत्पाद बेचती है। इनमें हर्बल चाय, मसाले, ऑर्गेनिक शहद और घर के बने उत्पाद शामिल हैं। आप इन उत्पादों को उसकी वेबसाइट से खरीद सकते हैं। मित्रेश शर्मा ने न्यू डेल्ही इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट से मैनेजमेंट की डिग्री हासिल की है। उन्होंने एक्सएलआरआई, जमशेदपुर से भी पढ़ाई की है। वहां उन्होंने उद्यमिता प्रबंधन में छह महीने का कोर्स किया। ‘फर्स्ट बड ऑर्गेनिक्स’ शुरू करने से पहले मित्रेश ने दो साल तक गोल्डओशन कम्युनिकेशंस में काम किया। उन्होंने वायरल वेव्स नाम से एक डिजिटल मार्केटिंग स्टार्टअप भी शुरू किया था।