ब्लिट्ज ब्यूरो
अहमदाबाद। बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले 14 साल के वैभव सूर्यवंशी को आईपीएल-2025 में शानदार प्रदर्शन के लिए ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ का अवॉर्ड मिला है। इस अवॉर्ड के साथ उन्हें टाटा मोटर्स की एक चमचमाती कार ‘कर्व ईवी’ भी मिली है।
वहीं, अवॉर्ड प्रजेंट कर रहे कमेंटेटर हर्षा भोगले ने मजाकिया लहजे में कहा कि जो कार उन्हें मिली है, वो इसे चला भी नहीं सकते हैं। दरअसल, कमेंटेटर हर्षा भोगले वैभव की उम्र को लेकर कमेंट कर रहे थे।
आईपीएल में हर साल सबसे तेज स्ट्राइक रेट वाले खिलाड़ी को एक खास इनाम दिया जाता है। इस साल वैभव सूर्यवंशी के नाम यह खिताब रहा।
आईपीएल के 18वें सीजन में वैभव ने अपने विस्फोटक बल्लेबाजी से सबका दिल जीत लिया। उन्होंने 7 मैचों में 1 शतक, 2 अर्धशतक जड़े। इसके अलावा आईपीएल में 35 गेंदों में शतक लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। वैभव ने 206.55 के स्ट्राइक रेट से धमाकेदार पारियां खेली हैं। उनकी पारियों में ज्यादातर छक्के और चौके हैं। राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.10 करोड़ में खरीदा था। वैभव ने राजस्थान रॉयल्स के लिए सात मैचों में 252 रन बनाए जिनमें 18 चौके और 24 छक्के शामिल हैं। वैभव आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं। वैभव आईपीएल के इतिहास में हाफ सेंचुरी और सेंचुरी बनाने वाले सबसे युवा प्लेयर बन गए हैं। वैभव ने चौके से फिफ्टी और छक्के से सेंचुरी पूरी की थी। गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच में उन्होंने मात्र 35 गेंद में शतक जड़े थे। उन्होंने 11 छक्के और 7 चौकों के साथ अपनी सेंचुरी पूरी की थी।
यह आईपीएल में किसी भी भारतीय खिलाड़ी का सबसे कम गेंद में शतक बनाने का रिकॉर्ड था। इससे पहले यह रिकॉर्ड यूसुफ पठान के नाम था। उन्होंने 2010 में 37 गेंद पर सेंचुरी बनाई थी। आईपीएल में वैभव ने दूसरा सबसे तेज शतक लगाया है। पहले नंबर पर क्रिस गेल है जिन्होंने 30 बॉल पर शतक जड़ा था।