ब्लिट्ज ब्यूरो
नई दिल्ली। अमेरिका के मशहूर एआई स्टार्टअप एंथ्रोपिक ने एक ट्रिलियन डॉलर की वैल्यूएशन के करीब पहुंचकर इतिहास रच दिया है। अपने चैटबॉट क्लाउड के लिए पहचानी जाने वाली इस कंपनी ने वैल्यूएशन के मामले में अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी ओपनएआई को भी पीछे छोड़ दिया है। यह अहम पड़ाव ऐसे समय में आया है जब दोनों ही दिग्गज कंपनियां शेयर बाजार में अपने कदम रखने (स्टॉक मार्केट डेब्यू) की जोरों-शोरों से तैयारी कर रही हैं।
फंडिंग का नया रिकॉर्ड और बढ़ती वैल्यूएशन
एंथ्रोपिक ने अपने हालिया फंडिंग राउंड में 65 अरब डॉलर की रकम जुटाई है। इस फंडिंग राउंड का नेतृत्व अल्टीमीटर कैपिटल, ड्रैगनियर, ग्रीनओक्स और सिकोइया कैपिटल ने किया। इस शानदार निवेश के बाद कंपनी की कुल वैल्यूएशन (पोस्ट-मनी) 965 अरब डॉलर के स्तर पर पहुंच गई है। इस फंडिंग राउंड में एएमपी पीबीसी, बेली गिफोर्ड, ब्लैकस्टोन, ब्रुकफील्ड और डी.ई. शॉ वेंचर्स ने भी हिस्सा लिया, जबकि इंफ्रास्ट्रक्चर पार्टनर के रूप में माइक्रोन, सैमसंग और एसके हाइनिक्स भी इस शानदार सूची में शामिल हुए हैं। इसके उलट, अगर ओपनएआई की बात करें तो कंपनी ने इसी साल मार्च में 122 अरब डॉलर की बड़ी फंडिंग जुटाई थी, जिससे उसकी कुल वैल्यूएशन 852 अरब डॉलर आंकी गई थी।













